बरेली : आंवला थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्ते में चाचा लगने वाला युवक किशोरी को चाची से फोन पर बात कराने का बहाना बनाकर समारोह से दूर ले गया और गांव के बाहर खेतों में उसके साथ दुष्कर्म किया। डीजे की तेज आवाज के बीच किशोरी की चीख किसी तक नहीं पहुंच सकी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता के मुताबिक, 21 नवंबर की रात वह परिवार के साथ अलीगंज क्षेत्र से आंवला के एक गांव में अपने बहनोई के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। घर में शादी की रस्में चल रही थीं और डीजे बज रहा था। रात करीब एक बजे उनकी बेटी डीजे के पास खड़ी थी।
चाची से बात कराने का बहाना बनाकर ले गया
आरोप है कि इसी दौरान रिश्ते में चाचा लगने वाला युवक किशोरी के पास पहुंचा और चाची से फोन पर बात कराने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद वह किशोरी को गांव के बाहर प्राथमिक विद्यालय के पीछे खेतों की ओर ले गया। परिजनों के आरोप के अनुसार, सुनसान जगह पर युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने विरोध किया और मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन शादी समारोह में बज रहे डीजे के तेज शोर के कारण उसकी आवाज किसी तक नहीं पहुंची।
बेटी गायब देखकर परिजनों ने शुरू की तलाश
काफी देर तक किशोरी दिखाई नहीं देने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। उन्होंने समारोह स्थल और आसपास तलाश शुरू की। इसी बीच किशोरी खेतों की तरफ से बदहवास हालत में वापस लौटी। उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए। पूछताछ में किशोरी ने रिश्ते के चाचा पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया।
मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस
पीड़िता के परिजन उसे लेकर आंवला थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
