बरेली : आंवला थाना क्षेत्र के गांव टांडा में सरकारी स्कूल के पास स्थित गली से आवागमन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक युवक ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को गांव निवासी मोरपाल पुत्र वेदराम और रामकुमार उर्फ रामू पुत्र नेत्रपाल सिंह के बीच गली से आने-जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद रामकुमार घर से तमंचा लेकर आया और हवाई फायरिंग कर दी। मोरपाल की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
मुखबिर की सूचना पर यात्री शेड से गिरफ्तार
22 नवंबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी संग्रामपुर और आसपुर जाने वाले रास्ते पर मंदिर के सामने बने यात्री शेड में मौजूद है। उपनिरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर रामकुमार उर्फ रामू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है। आरोपी की उम्र 32 वर्ष बताई गई है।
गली को अपनी जमीन का रास्ता मानता था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गली को अपनी जमीन से छोड़ा हुआ रास्ता मानता है, जबकि मोरपाल उसे सार्वजनिक रास्ता बताता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आवेश में आकर हवाई फायरिंग करने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में भी एक मुकदमा दर्ज हो चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
