मथुरा : थाना जैत क्षेत्र में दिल्ली-आगरा हाईवे पर सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। सनसिटी के सामने हाईवे किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पीछे से जा घुसी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चार वर्षीय रुद्र और 10 वर्षीय कान्हा समेत चार की मौत
हादसे में चार वर्षीय रुद्र, 10 वर्षीय कान्हा, 32 वर्षीय रूबी और 30 वर्षीय ज्योति की मौत हो गई। वहीं आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने कार में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलने पर जैत पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोगों की संख्या और दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।
