लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी कथा के खिलाफ नहीं है, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्ण के बारे में क्या कहा है, इसे कैसे स्वीकार किया जा सकता है? मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने कार्यक्रम में हनुमानजी तक को नचा दिया था। उन्होंने सवाल किया कि अगर समाजवादी पार्टी का कोई नेता भगवान श्रीराम या भगवान श्रीकृष्ण के बारे में ऐसा कुछ कहता तो क्या होता? इस पर सभी को विचार करना चाहिए।
रूठे नेताओं को मनाएंगे, छूटे नेताओं को बुलाएंगे
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने पार्टी से दूर हुए नेताओं को फिर से जोड़ने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि रूठे लोगों को मनाया जाएगा और छूटे हुए नेताओं को वापस बुलाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए और समाजवादी सरकार के दौरान शुरू किए गए अभिनव मॉडल स्कूलों के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इन स्कूलों पर ध्यान नहीं दे रही है, जिससे उनकी स्थिति खराब हो रही है।
सड़क हादसों को लेकर भाजपा सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने गोरखपुर की घटना और लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़े हादसे का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस हादसे में तीन लोगों की जान गई, उसमें मुख्यमंत्री पर मुकदमा क्यों नहीं दर्ज हुआ? उन्होंने भाजपा नेताओं और मंत्रियों के काफिलों से जुड़े सड़क हादसों का भी उल्लेख किया। अखिलेश ने दावा किया कि देश में एक साल के भीतर सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 80 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
यश भारती सम्मान की राशि बढ़ाने का ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान की धनराशि बढ़ाई जाएगी। फिलहाल इस सम्मान के तहत 50 हजार रुपये दिए जाते हैं, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने शिक्षा, सम्मान और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की थीं और सत्ता में आने पर इन्हें फिर मजबूत किया जाएगा।
