पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, 6 सवारों की बची जान, दुकान का टीनशेड भी उड़ गया
एजेंसी
लखनऊ/रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब क्रिस्टल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलिकॉप्टर उड़ान के कुछ देर बाद ही तकनीकी खराबी के कारण नेशनल हाईवे-107 पर इमरजेंसी लैंडिंग करने को मजबूर हो गया। हेलिकॉप्टर ने बड़ासू स्थित हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन उड़ान के कुछ ही मिनटों में पायलट को तकनीकी समस्या का संदेह हुआ। जिसके बाद उन्होंने तुरंत निर्णय लेकर सड़क पर लैंडिंग की कोशिश की।
कार पर गिरा टेल यूनिट, दुकान के उड़े टीन शेड
लैंडिंग के दौरान हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा (टेल यूनिट) एक खड़ी कार पर जा गिरा। जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हेलिकॉप्टर के रोटर की तेज हवा से पास की एक दुकान का टीन शेड उड़ गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। दुकान में मौजूद लोगों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
पायलट घायल, बाकी यात्री सुरक्षित
इस हादसे में पायलट को हल्की चोटें आई हैं। जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हेलिकॉप्टर में मौजूद अन्य 5 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। यू-काडा की सीईओ सोनिका ने जानकारी दी कि DGCA को सूचना भेज दी गई है और बाकी हेली सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि हेलिकॉप्टर ने दोपहर 1 बजे उड़ान भरी थी, और पायलट ने तकनीकी गड़बड़ी के कारण एहतियातन हाईवे पर लैंडिंग का फैसला किया। पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने एक बड़े हादसे को टाल दिया, जिससे जनहानि नहीं हुई। यह सबसे बड़ी राहत की बात है।
