विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत 22 नवंबर को विशेष अभियान दिवस, 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर जोर, डीएम ने सीबीगंज इंटर कॉलेज और आईटीआई समेत कई मतदान केंद्रों का लिया जायजा
बरेली : आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच बरेली में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने की कवायद तेज हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान -2027 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सीबीगंज इंटर कॉलेज और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सीबीगंज सहित अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन प्रक्रिया और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिलाओं को अभियान से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
बरेली में 29.80 लाख से अधिक मतदाता, 3807 मतदेय स्थलों पर पुनरीक्षण
जिले की सभी नौ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची में वर्तमान में कुल 29,80,682 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इसके लिए जनपद में 1,941 मतदान केंद्र और 3,807 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की तैनाती की गई है। प्रशासन का जोर ऐसे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने पर है, जो किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं।
विशेष अभियान दिवस 21, 22, 28 और 29 नवंबर को निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करेंगे।
युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटी महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए पार्षदों, कोटेदारों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग लेने को कहा गया है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दें। डीएम ने कहा कि विशेष अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करना है। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 जिलाधिकारी ने मतदाता सूची से संबंधित आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि फॉर्म-6 से मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।फॉर्म-7 से अपात्र या मृतक मतदाताओं का नाम हटाने और आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-8 से नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए। सभी मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय की गई हैं, जहां मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और आवेदन भरने में सहायता मिलेगी। इसके अलावा मतदाता संबंधी जानकारी और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी उपलब्ध है।
16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को अंतिम सूची
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। डीएम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांच लें।
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं
डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में 7 नवंबर को तहसील मीरगंज के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया था। इसमें उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए थे। समाधान दिवस में अवैध कब्जे, आवास, राजस्व और विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं। ग्राम विलास नगर में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को मौके पर जांच करने के निर्देश दिए गए। वहीं, ग्राम नगरिया कल्याणपुर में श्मशान की भूमि पर कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार मीरगंज को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। ग्राम फिरोजपुर के एक शिकायतकर्ता ने वर्ष 2020 से पुष्टाहार उठान का किराया नहीं मिलने की समस्या उठाई। इस पर संबंधित अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम हुरहुरी में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण और खानपुर मोहल्ले में राशन कार्ड में दो नए सदस्यों के नाम जुड़वाने की मांग भी रखी गई। राशन कार्ड से संबंधित शिकायत का समाधान मौके पर ही कर दिया गया और जिला पूर्ति अधिकारी ने दो नए सदस्यों के नाम दर्ज करा दिए।
डीएम ने खुद EVM का बटन दबाकर समझी मतदान प्रक्रिया
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील मीरगंज में स्थापित ईवीएम प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं ईवीएम का बटन दबाकर मतदान प्रक्रिया का अनुभव लिया और उपस्थित लोगों को मशीन की कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने कहा कि ईवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया सरल और सुगम है। प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूकता और विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
