बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मीरगंज तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अधिकारी जनता के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता एवं तत्परता बरतें। समाधान दिवस में अवैध कब्जे, आवास, राजस्व और विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम विलास नगर निवासी ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम नगरिया कल्याणपुर में श्मशान भूमि पर कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार मीरगंज को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, ग्राम फिरोजपुर निवासी ने वर्ष 2020 से पुष्टाहार उठान का किराया नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया।
राशन कार्ड में मौके पर जुड़वाए दो नए नाम
ग्राम हुरहुरी निवासी ने गांव में इंटरलॉकिंग ईंटें बिछवाने की मांग की, जिस पर खंड विकास अधिकारी मीरगंज को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खानपुर मोहल्ला निवासी ने राशन कार्ड में दो नए सदस्यों के नाम जोड़ने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ही राशन कार्ड में दोनों नए सदस्यों के नाम जुड़वा दिए। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें और शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर सुनिश्चित करें।
ईवीएम प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण, खुद बटन दबाकर किया मतदान
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तहसील मीरगंज में स्थापित ईवीएम प्रशिक्षण केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने ईवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को समझने के लिए स्वयं बटन दबाकर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को ईवीएम की कार्यप्रणाली और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी। डीएम ने कहा कि ईवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया सरल और सुगम है। प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए मतदाताओं को मतदान के तरीके से अवगत कराने से जागरूकता और मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने राजस्व कर्मियों और संबंधित अधिकारियों से कहा कि अपने कार्य एवं आचरण से प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और सम्मान बढ़ाएं। समाधान दिवस में एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
