बरेली : यूपी के बरेली और आसपास के इलाकों में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।देवरनियां थाना क्षेत्र में रिछा मंडी के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय ग्रामीण की जान चली गई, जबकि संभल जिले के चंदौसी में सिसरका रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर 85 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जीआरपी ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसों की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
रिछा मंडी के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पहली घटना बरेली के देवरनियां थाना क्षेत्र की है। ग्राम भूला भुलनिया निवासी 50 वर्षीय विजयपाल काम के सिलसिले में रिछा गए थे। रात में वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिछा मंडी से आगे नहर की पुलिया के पास उनकी बाइक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में विजयपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन सत्यप्रकाश के मुताबिक, विजयपाल रिछा से घर लौट रहे थे, तभी ट्रक की टक्कर से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल वाहन और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
बेटी के घर आ रहे 85 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक की ट्रेन से गिरकर मौत
दूसरी घटना संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र की है। यहां सिसरका रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर 85 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक सोमपाल सिंह की मौत हो गई। वह संभल जिले के थाना रजपुरा क्षेत्र के डुप्टा कलां गांव के निवासी थे और अपनी बेटी संगीता के घर फरीदपुर, बरेली आ रहे थे। सोमपाल सिंह बबराला रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। सफर के दौरान चंदौसी के पास सिसरका रेलवे स्टेशन के निकट वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए और ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अलीगढ़ से लौट रहे थे घर
मृतक के बेटे विवेक कुमार ने बताया कि उनके पिता अलीगढ़ की ओर से आने वाली ट्रेन से सफर कर रहे थे। शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच हादसा हुआ। हालांकि, वह किस वजह से ट्रेन से नीचे गिरे, इसकी स्पष्ट जानकारी परिवार को नहीं है।जीआरपी के माध्यम से घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल दोनों घटनाओं में पुलिस और जीआरपी की ओर से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
