नई दिल्ली : दिल्ली की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने शनिवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश किया गया। आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताते हुए मुकदमे का सामना करने की बात कही। कोर्ट ने उनके खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई आरोप तय किए हैं। मामले की रोजाना सुनवाई 25 नवंबर से शुरू होगी। NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई।
NTA के तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट पर गोपनीय सवाल लीक करने का आरोप
दिल्ली की अदालत ने 18 नवंबर को 206 पन्नों के आदेश में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया था। कोर्ट के मुताबिक, पहली नजर में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई अपराधों के पर्याप्त सबूत सामने आए हैं। आरोप है कि आरोपियों ने NTA की गोपनीय परीक्षा सामग्री अवैध तरीके से हासिल की, उसे एक-दूसरे तक पहुंचाया और इस्तेमाल किया। अदालत ने इसे संगठित साजिश का हिस्सा बताया। तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवालदार NTA के लिए काम कर रहे थे। कोर्ट ने उन्हें लोक सेवक माना है। मंधारे बायोलॉजी, कुलकर्णी केमिस्ट्री और हवालदार फिजिक्स की एक्सपर्ट थीं। आरोप है कि तीनों ने दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर परीक्षा के गोपनीय सवाल अवैध तरीके से हासिल किए। अदालत के मुताबिक, तीनों एक्सपर्ट को पता था कि गोपनीय जानकारी साझा करने से योग्य उम्मीदवारों को नुकसान हो सकता है। लीक सामग्री के आधार पर कोई बेईमान उम्मीदवार चयनित हो सकता है और उसकी जगह किसी योग्य उम्मीदवार का चयन रुक सकता है। परीक्षा के लिए कोचिंग, यात्रा और रहने पर खर्च की गई रकम भी उम्मीदवारों के लिए बेकार हो सकती थी।
तीन एक्सपर्ट से दूसरे आरोपियों तक पहुंची गोपनीय सामग्री
कोर्ट के मुताबिक, मंधारे, कुलकर्णी और हवालदार से गोपनीय सामग्री दूसरे आरोपियों तक पहुंची। इनमें धनंजय लोखंडे, शुभम खैरनार, यश यादव, मंगलिलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी शामिल थे। अदालत ने कहा कि आरोपियों को पता था कि उनके पास पहुंची सामग्री NTA से जुड़े व्यक्ति के जरिए अवैध रूप से हासिल की गई थी और परीक्षा से काफी पहले गोपनीय सवाल उपलब्ध कराए जा रहे थे। सामग्री एक आरोपी से दूसरे तक क्रमवार पहुंचाई गई। कोर्ट ने यह भी कहा कि गोपनीय सवाल NTA की कॉपीराइट सामग्री थे। उन्हें हासिल करने, साझा करने और पैसे कमाने के लिए इस्तेमाल करने की गतिविधियां कॉपीराइट उल्लंघन के दायरे में आती हैं। इसलिए आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के प्रावधान के तहत भी आरोप तय करने का निर्देश दिया गया।
CBI ने 14 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पहले 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद 14वें आरोपी शेषराव सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई। शेषराव महाराष्ट्र के नांदेड़ का रहने वाला है। उसे 2 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। अब सभी 14 आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई 25 नवंबर से रोजाना होगी।
