बरेली में साइबर ठगों ने जांच एजेंसियों के नाम पर रची डिजिटल अरेस्ट की साजिश, 12 से 17 घंटे तक वीडियो कॉल और फोन के जरिए बनाया मानसिक दबाव
बरेली : साइबर अपराधी अब लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी पुलिस अधिकारी तो कभी ATS और NIA जैसी जांच एजेंसियों का अधिकारी बनकर लोगों को गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया जा रहा है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने शहर के 78 वर्षीय नामचीन हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को अपना निशाना बनाया। ठगों ने खुद को ATS और NIA का अधिकारी बताकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया और आतंकियों को करीब ढाई करोड़ रुपये की आर्थिक मदद पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए। गिरफ्तारी और जांच का भय दिखाकर उन्हें करीब 12 से 17 घंटे तक वीडियो कॉल और फोन के जरिए मानसिक दबाव में रखा गया। ठगों की योजना उनसे बैंक जाकर RTGS के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराने की थी, लेकिन ऐन मौके पर उनके क्लिनिक के मैनेजर अकरम की सतर्कता से साइबर ठगों की साजिश नाकाम हो गई। राहत की बात यह रही कि हकीम साहब के बैंक खाते से कोई रकम ट्रांसफर नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, बरेली के सिविल लाइंस इलाके में रहने वाले 78 वर्षीय हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी का सर्किट हाउस के पास वेदान नाम से क्लिनिक है। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच उनके मोबाइल पर एक महिला की कॉल आई। महिला ने खुद को ATS की अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके वरिष्ठ अधिकारी उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद वीडियो कॉल पर एक व्यक्ति सामने आया, जिसने अपना नाम दीपक शर्मा बताया और खुद को NIA का अधिकारी बता
आतंकियों से संबंध, और 2.5 करोड़ रुपये के लेनदेन का आरोप
साइबर ठगों ने हकीम खुर्शीद को बताया कि सुहैल और शमीम नाम के दो कथित आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान उनका नाम भी सामने आया है। ठगों ने दावा किया कि उनके नाम से पश्चिम बंगाल के हुगली में एक बैंक खाता खोला गया है। जिसके माध्यम से करीब 2.45 करोड़ से 2.50 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया है। आरोप लगाया गया कि यह रकम आतंकियों तक पहुंचाई गई है। इस कथित मामले को गंभीर बताते हुए ठगों ने उनसे बैंक खाते, चेकबुक और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारियां मांगनी शुरू कर दीं।
सरकारी दफ्तर जैसा माहौल दिखाकर जीता भरोसा,गिरफ्तारी वारंट का दिखाया डर
ठगों ने अपनी पहचान असली जांच अधिकारी के रूप में स्थापित करने के लिए वीडियो कॉल के दौरान पीछे सरकारी कार्यालय जैसा माहौल दिखाया। अलग-अलग लोग अधिकारी बनकर उनसे बातचीत करते रहे।उन्हें गिरफ्तारी वारंट और जांच में फंसने का डर दिखाया गया। ठगों ने कथित दस्तावेज भी भेजे और कहा कि उनका मोबाइल लगातार चालू रहना चाहिए, क्योंकि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। साइबर अपराधियों ने हकीम साहब को परिवार और परिचितों से बात करने तक से रोक दिया। धमकी दी गई कि यदि उन्होंने किसी को इस मामले की जानकारी दी तो उनके परिवार के सदस्यों को भी जांच में फंसा दिया जाएगा। उन्हें कमरे का पूरा दृश्य दिखाने, दरवाजा बंद रखने और लगातार मोबाइल के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए। इस तरह ठगों ने उन्हें मानसिक रूप से डराकर अकेला करने और बाहरी लोगों से संपर्क तोड़ने की कोशिश की।
रात एक बजे तक वीडियो कॉल पर निगरानी, सुबह फिर शुरू खेल
जानकारी के अनुसार, साइबर ठग रात करीब एक बजे तक वीडियो कॉल के माध्यम से हकीम खुर्शीद पर नजर बनाए रहे। इसके बाद अगली सुबह फिर उनसे संपर्क किया गया। ठगों ने कथित जांच और बैंक खाते में मौजूद रकम के सत्यापन का हवाला देते हुए उन्हें बैंक जाने के लिए कहा। उन्हें निर्देश दिया गया कि वह बैंक पहुंचकर RTGS फॉर्म भरें और बताए गए तरीके से रकम ट्रांसफर करने की प्रक्रिया पूरी करें। लगातार मिल रही धमकियों और गिरफ्तारी के डर के कारण हकीम साहब बैंक जाने के लिए तैयार हो गए। इसी दौरान उनके क्लिनिक के मैनेजर अकरम को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ। वह जब उनके घर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि हकीम साहब बैंक जाने की तैयारी कर रहे हैं। मैनेजर ने जब बैंक जाने की वजह पूछी तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। उन्होंने एसपी क्राइम कार्यालय के बारे में भी जानकारी मांगी। इन परिस्थितियों को देखकर मैनेजर का शक और गहरा हो गया।
मैनेजर की सूझबूझ से साइबर क्राइम थाने पहुंचे हकीम खुर्शीद
मैनेजर अकरम ने समझदारी दिखाते हुए उन्हें बैंक ले जाने के बजाय सीधे साइबर क्राइम थाने पहुंचा दिया। वहां साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने पूरी घटना सुनी और हकीम खुर्शीद को समझाया कि वह डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगों के जाल में फंस गए हैं। पुलिस ने उन्हें बताया कि जांच एजेंसियों के नाम पर डराकर बैंक से रकम ट्रांसफर कराने की कोशिश की जा रही है।पुलिस ने हकीम साहब के सामने ही ठगों से दोबारा बातचीत कराने का प्रयास किया। वीडियो कॉल पर मौजूद ठगों ने उन्हें तुरंत बैंक से बाहर जाने के लिए कहा। जब पुलिसकर्मियों ने बातचीत में हस्तक्षेप किया तो ठगों को अपनी सच्चाई सामने आने का अंदेशा हो गया। इसके बाद उन्होंने तत्काल कॉल काट दी।
कॉल रिकॉर्डिंग और फर्जी दस्तावेजों की जुटाई जानकारी, पुलिस ने की काउंसिलिंग
साइबर क्राइम पुलिस ने हकीम खुर्शीद के मोबाइल में मौजूद कॉल रिकॉर्डिंग, संदेश और ठगों की ओर से भेजे गए कथित दस्तावेजों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने उनकी काउंसिलिंग करते हुए समझाया कि कोई भी जांच एजेंसी इस तरह वीडियो कॉल के जरिए किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। न ही जांच के नाम पर किसी व्यक्ति को उसके निजी बैंक खाते से RTGS के माध्यम से रकम ट्रांसफर करने का निर्देश देती है।पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधियों के काम करने के तरीके के बारे में भी जानकारी दी, ताकि भविष्य में वह इस तरह की किसी भी कॉल या धमकी से भयभीत न हों।
खाते से नहीं निकली रकम, मैनेजर की सतर्कता बनी सुरक्षा कवच
इस पूरे मामले में सबसे राहत की बात यह रही कि साइबर ठगों के लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना के बावजूद हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी के बैंक खाते से कोई रकम ट्रांसफर नहीं हुई। यदि मैनेजर अकरम समय रहते उनकी गतिविधियों को समझकर उन्हें साइबर क्राइम थाने नहीं पहुंचाते तो वह बड़ी आर्थिक ठगी का शिकार हो सकते थे। पीड़ित के बेटे डॉ. अमीद मुराद भी इस घटना के बाद सामने आए हैं। वहीं, साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने मैनेजर अकरम को साइबर जागरूकता से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराई, ताकि उसे क्लिनिक में लगाया जा सके और वहां आने वाले मरीजों तथा अन्य लोगों को डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति जागरूक किया जा सके।
