कलापुर पुलिया नहर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने रोकी बिना नंबर की बाइक, भागने पर हुई मुठभेड़,चोरी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
बरेली : यूपी के बरेली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इज्जतनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस की एक संदिग्ध बाइक सवार से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय गिरि (30) निवासी चंदपुर जोगियान, थाना सीबीगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, तीन कारतूस, बिना नंबर की बाइक, चोरी के आठ चांदी के सिक्के, 30,220 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई शुक्रवार रात करीब 9:55 बजे कलापुर पुलिया नहर के पास की गई। इज्जतनगर थाना पुलिस की टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान मुठभेड़ हुई और जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का संबंध 10 अक्टूबर को उत्सव महानगर पार्ट-2 में हुई चोरी की घटना से है। यहां रहने वाले श्याम बिहारी लाल परिवार के साथ बाजार गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित की शिकायत पर इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
चोरी के सामान के साथ नकदी और तमंचा बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से आठ चांदी के सिक्के और 30,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक अवैध तमंचा, तीन कारतूस, बिना नंबर की बाइक और दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस बरामद सामान को दर्ज चोरी के मुकदमे से जोड़कर जांच कर रही है। बरामदगी में मिले सभी सामान की भूमिका और अन्य संभावित वारदातों में आरोपी की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
आरोपी पर करीब 20 मुकदमे दर्ज होने का दावा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार संजय गिरि का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी समेत करीब 20 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित मुकदमा भी दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाने के साथ ही उससे पूछताछ कर रही है।
