सहारनपुर : कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भारतीय टेस्ट टीम में मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिलने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए। यदि कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है तो उसके चयन में उसकी पृष्ठभूमि या वह कहां से आता है, इसका कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए। मसूद ने मोहम्मद शमी, सरफराज और अन्य खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि टीम में जगह पाने का आधार खिलाड़ी का प्रदर्शन होना चाहिए। सिराज को टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के बाद चयन प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने निष्पक्ष चयन की जरूरत पर जोर दिया।
योगी की मां के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर भी इमरान मसूद ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का होना और उनका साथ मिलना जीवन में सुरक्षा कवच की तरह होता है। यह बहुत बड़ा आशीर्वाद है।
बोले- मैंने मां को कम उम्र में खो दिया
इमरान मसूद ने कहा कि योगी आदित्यनाथ भाग्यशाली रहे कि उन्हें लंबे समय तक अपनी मां का साथ मिला। अपने व्यक्तिगत अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी मां को बहुत कम उम्र में खो दिया था, इसलिए मां के साथ और उनके महत्व को वह गहराई से महसूस करते हैं।
