गाजियाबाद : गन्ने का खेत, पिता को खाना देने गई 8 साल की बच्ची और खेत से बाहर निकलता 15 साल का किशोर। 1982 में इसी घटनाक्रम के आधार पर ब्रजपाल उर्फ वेदपाल संदेह के घेरे में आ गया था। हत्या और दुष्कर्म के मामले में उसे उम्रकैद और 10 साल की सजा सुनाई गई। अब 42 साल बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उसे बरी कर दिया है। अदालत ने मामले में ठोस साक्ष्य, चश्मदीद गवाह और कथित कबूलनामे की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए।
संयोग के आधार पर बना शक, 42 साल चली कानूनी लड़ाई
मामला 27 सितंबर 1982 का है। गाजियाबाद में 8 साल की बच्ची अपने पिता को खाना पहुंचाने खेत पर गई थी। अगले दिन उसका शव मिलने के बाद हत्या और दुष्कर्म का मामला सामने आया। शक की सुई 15 वर्षीय ब्रजपाल पर घूमी, जो खुद अपने पिता को खाना देने खेत गया था। सत्र अदालत ने ब्रजपाल को हत्या के मामले में उम्रकैद और दुष्कर्म के मामले में 10 साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई थी। लेकिन हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों की मजबूती पर सवाल खड़े हुए। अदालत के अनुसार, न कोई चश्मदीद सामने आया और न ही ऐसा ठोस साक्ष्य मिला, जो आरोपी को अपराध से सीधे जोड़ता हो। कपड़ों पर मिले धब्बों का पीड़िता से मिलान नहीं हो सका और कथित कबूलनामे को भी भरोसेमंद नहीं माना गया।
संविधान के अनुच्छेद 20(3) और साक्ष्यों पर अदालत की टिप्पणी
फैसले का अहम कानूनी पहलू संविधान के अनुच्छेद 20(3) से जुड़ा रहा। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति के नमूना देने से इनकार को उसके खिलाफ साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। संविधान किसी आरोपी को खुद के खिलाफ गवाही देने के लिए मजबूर किए जाने से सुरक्षा प्रदान करता है। मामले में जांच और अभियोजन के साक्ष्यों की कमजोरियों को देखते हुए अदालत ने दोषसिद्धि को बरकरार रखने योग्य नहीं माना और ब्रजपाल को बरी कर दिया।
42 साल बाद बरी, लेकिन बीते समय की भरपाई कैसे?
15 साल की उम्र में संगीन आरोपों का सामना करने वाले ब्रजपाल की कानूनी लड़ाई चार दशक से अधिक समय तक चली। हाईकोर्ट ने सजा रद्द करने के साथ जमानत मुचलके समाप्त करने के आदेश भी दिए। यह फैसला न्यायिक प्रक्रिया में साक्ष्यों की अहमियत को रेखांकित करता है। वहीं, मामले में पीड़िता को न्याय मिलने और वास्तविक अपराधी की पहचान का सवाल भी बना हुआ है। 42 साल बाद आया यह फैसला न्याय व्यवस्था की गति, जांच की गुणवत्ता और साक्ष्यों के आधार पर दोषसिद्धि जैसे गंभीर सवाल सामने रखता है। एक ओर आरोपी को राहत मिली, दूसरी ओर इतने लंबे समय तक मुकदमे का चलना न्यायिक प्रक्रिया की चुनौतियों को उजागर करता है।
