लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां समेत पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। आजम खां ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मां जैसी दौलत कहां होती है। माता का निधन जीवन का बहुत बड़ा सदमा है। इस दुख की घड़ी में उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।
अखिलेश यादव ने जताया दुख
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अराधना मिश्रा मोना बोलीं- मां का जाना गहरा दुख
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस असह्य दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मां का चले जाना जीवन का ऐसा गहरा दुख है, जिसकी रिक्तता कभी पूरी नहीं हो सकती। परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
अनिल दुबे ने भी दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का साया सिर से उठ जाना जीवन की सबसे बड़ी पीड़ाओं में से एक है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री और उनके परिवार के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में शुक्रवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा।
