लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर देर रात भीषण हादसा,चालक समेत तीन ने कूदकर बचाई जान, करीब दो घंटे तक धधकते रहे वाहन, दमकल ने आग पर पाया काबू
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एथेनॉल से भरे टैंकर में पीछे से आ रहा एक ट्रक जा भिड़ा।टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया। हादसे में ट्रक में सवार 22 वर्षीय हेल्पर जमाल आग की चपेट में आ गया और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक समेत तीन लोगों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के इलाके में अफरा -तफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
गाय को बचाने के प्रयास में टैंकर से टकराया ट्रक
जानकारी के मुताबिक, हादसा फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में संजीव गुप्ता के होटल के सामने हुआ। पानीपत से बिहार के हाजीपुर जा रहा ट्रक गुरुवार देर रात हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर गाय सामने आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक वसीम अहमद ट्रक पर नियंत्रण खो बैठे और ट्रक सड़क किनारे खड़े एथेनॉल से भरे टैंकर में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने ट्रक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान, हेल्पर अंदर ही फंसा
ट्रक में चालक वसीम अहमद के साथ 22 वर्षीय हेल्पर जमाल सवार था। इसके अलावा नसीम और नूरे मुजस्सिम भी ट्रक में मौजूद थे। बताया गया कि हादसे के समय दोनों पीछे सो रहे थे। आग लगते ही नसीम और नूरे मुजस्सिम किसी तरह बाहर निकल आए। चालक वसीम अहमद ने भी ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन हेल्पर जमाल आग में फंस गया। आग बुझने के बाद मौके से उसके शव के अवशेष मिले। हादसे में चालक वसीम घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो घंटे तक धधकते रहे दोनों वाहन, हाईवे पर मची अफरा -तफरी
हादसे के बाद दोनों वाहनों में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। आग और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास के ढाबों और कॉलोनियों में रहने वाले लोग भी घटनास्थल की ओर पहुंच गए। आग की चपेट में आने से पास में पंचर की दुकान चलाने वाले मोनिस के टायर और अन्य सामान भी जलकर राख हो गए।
दमकल की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एथेनॉल से भरा टैंकर होने के कारण आग की भयावहता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल से पहले ही हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास किए, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। जले हुए वाहनों को हटाने और राहत कार्य पूरा होने के बाद हाईवे पर यातायात दोबारा शुरू कराया गया।
एक की मौत, हादसे ने उठाए सुरक्षा से जुड़े सवाल
इस भीषण हादसे में 22 वर्षीय हेल्पर जमाल की जान चली गई, जबकि ट्रक चालक वसीम अहमद घायल हो गए। ट्रक मालिक मेहताब के मुताबिक, ट्रक में कपड़े, जूते-चप्पल समेत अन्य सामान लदा हुआ था। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक दहशत का माहौल रहा। सड़क किनारे एथेनॉल से भरे टैंकर के खड़े होने और पीछे से ट्रक की टक्कर के कारणों को लेकर भी सुरक्षा संबंधी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत से परिवार में मातम पसरा है।
