लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर से प्रदेश में हवा का रुख बदलकर पुरवा हो जाएगा। इसके प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और गाजीपुर में बारिश के आसार जताए गए हैं। पुरवा हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, चक्रवात और पुरवा हवाओं के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर के बीच रात के तापमान में करीब तीन डिग्री और दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
कोहरे से दृश्यता घटी, मुरादाबाद में सबसे ठंडा दिन
गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण बलिया में दृश्यता घटकर 30 मीटर और आजमगढ़ में 80 मीटर रह गई। कोहरे के चलते सुबह के समय आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रही। वहीं, 24.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मुरादाबाद प्रदेश में सबसे ठंडा दिन रहा। दूसरी ओर, 9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
कमजोर होकर चक्रवाती तूफान बना ‘अकवान’
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले छह घंटों के दौरान यह 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। शुक्रवार सुबह 2:30 बजे तूफान का केंद्र कलिंगपट्टनम से करीब 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व, गोपालपुर से 170 किलोमीटर दक्षिण, पुरी से 250 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और नरसापुर से 370 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में था। इसके शुक्रवार दोपहर से पहले गोपालपुर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना जताई गई थी। इस दौरान हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान था। तूफान पर विशाखापत्तनम और गोपालपुर के डॉप्लर वेदर रडार से निगरानी की जा रही थी।
ओडिशा में 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग के मुताबिक, प्रशासन ने 4,243 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है और अब तक करीब 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। अभियान बुधवार से शुरू होकर पूरी रात जारी रहा। प्रभावित लोगों के लिए करीब आठ हजार राहत शिविर तैयार किए गए हैं। वहीं, 30 नवंबर के आसपास प्रसव की संभावित तारीख वाली करीब 9,100 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पतालों में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इनमें से कई महिलाओं को अस्पतालों में शिफ्ट किया जा चुका है।भूस्खलन की आशंका वाले संवेदनशील जिलों में भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। पहाड़ी इलाकों की तलहटी में छोटी बस्तियों और अस्थायी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को भी हटाया गया। गजपति जिले में करीब 16 हजार और कंधमाल जिले में लगभग 3,400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
