मासूम की मौत पर सपा प्रमुख ने जताया दुख,वीडियो दिखाकर बोले- न रोड शो था, न रैली, छठ पर्व पर राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह के आवास पहुंचे सपा प्रमुख
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया है कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होगी, उसी दिन भाजपा की हार की इबारत लिख दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है। प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी चरम पर है, जबकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा की नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान है और किसान, नौजवान, व्यापारी, शिक्षक तथा महिलाएं समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद से देख रहे हैं। अखिलेश यादव गुरुवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय के डॉ. राम मनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। अखिलेश ने 2027 के चुनाव को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की निर्णायक लड़ाई बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र का आखिरी चुनाव और संविधान तथा आरक्षण बचाने का अंतिम अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि वर्ष 2022 में भाजपा अपनी साजिशों में सफल हो गई थी, लेकिन इस बार ऐसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए बूथ स्तर तक संघर्ष करना होगा।
बूथ स्तर पर सतर्क रहने का दिया संदेश
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। भाजपा का काम अनर्गल आरोप लगाना और बिना सिर-पैर की बातें करना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का पूरा तंत्र धांधलियों से भरा है और पीडीए के खिलाफ षड्यंत्र किए जा रहे हैं। ऐसे हालात में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को धैर्य, सतर्कता और सजगता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाया जाए।समाजवादी पार्टी का पहला और अंतिम लक्ष्य जनता के हित में समाजवादी सरकार बनाना होना चाहिए। कार्यकर्ताओं को भाषा में संयम रखने और अपने व्यवहार तथा आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करने की नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता अनुशासित होकर बूथों पर मजबूती से डटे रहें और भाजपा की भ्रष्टाचारी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत लगाएं।
गोरखपुर हादसे पर अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा, सर्वोच्च स्तरीय जांच की मांग
गोरखपुर में हादसे के दौरान एक मासूम की मौत के मामले में भी अखिलेश यादव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी मासूम की हादसे में मृत्यु से सभी आहत हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी के लोगों से पीड़ित परिवार से मिलकर हर संभव सहायता करने के लिए कहा गया है। हालांकि, इस हादसे को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है।अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह बिना किसी सबूत के दूसरों पर हादसे का दोष मढ़ रहे हैं, वह निंदनीय है और निम्नस्तरीय राजनीति का उदाहरण है। अखिलेश ने वीडियो का हवाला देते हुए दावा किया कि घटनास्थल पर न तो कोई रोड शो था और न ही रैली, जबकि मुख्यमंत्री की ओर से हादसे के लिए इन्हीं गतिविधियों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर राजनीति करने से मृतक के शोक संतप्त परिवार के साथ भी अन्याय हो रहा है।
रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर अखिलेश का बड़ा ऐलान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए एक राजनीतिक और सांस्कृतिक ऐलान भी किया। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की स्वर्ण तलवार वाली भव्य स्वर्णिम प्रतिमा लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर स्थापित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का मान बढ़ाया जाएगा और उनका अनुनयन करने वालों को भी सही सम्मान और स्थान दिलाया जाएगा। इस घोषणा को अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ऐतिहासिक विरासत और सम्मान के मुद्दे से जोड़ने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
छठ पर्व पर राष्ट्रीय सचिव के आवास पहुंचे अखिलेश यादव
राजनीतिक गतिविधियों के बीच अखिलेश यादव मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह के गोमती नगर स्थित आवास पर भी पहुंचे थे। यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों और मौजूद लोगों से मुलाकात कर छठ पर्व की बधाई दी तथा छठी मैया का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। अवलेश सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर आभार जताते हुए कहा कि घर के सबसे छोटे समाजवादी से मिलकर अखिलेश यादव बेहद प्रसन्न हुए। उनका स्नेह, आशीर्वाद और अपनापन परिवार के लिए हमेशा यादगार रहेगा।
