गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में जेसीबी की चपेट में आए बच्चे की मौत को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर ऐसी सजा दिलाई जाए, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखें। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में सपा और माफिया तत्वों पर भी तीखा हमला बोला। इसके साथ ही कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश की पहली वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
बच्चे की मौत पर जताई नाराजगी, पीड़ित परिवार से मिलेंगे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आए बच्चे की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि झंगहा से पढ़ाई के लिए आए 12-13 वर्षीय मासूम छात्र का क्या कसूर था, जिसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद संवेदना तक नहीं जताई गई। सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले उपद्रवियों को चिह्नित किया जाए और ऐसी सजा दिलाई जाए, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखें। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करने की बात भी कही।
माफियाओं को लेकर सख्त रुख, सपा पर हमला
सीएम योगी ने माफिया और अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने माफियागिरी करने की कोशिश की तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा का मतलब गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि माफिया सपा के सहयोगी रहे हैं और पार्टी ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि गुंडों और माफिया को कानून के बल पर ही ठीक किया जा सकता है। उनकी सरकार ने ऐसे तत्वों की गुंडागर्दी पर अंकुश लगाया है और अब फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
491 करोड़ की लागत से बनेगी वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में प्रस्तावित वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। करीब 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित किया जाएगा। इससे प्रदेश में वानिकी, औद्यानिकी, उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे विश्वविद्यालय में वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर उच्च स्तरीय शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा। यहां वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई होगी।
बीएससी से पीएचडी तक पढ़ाई की सुविधा
प्रस्तावित विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके लिए आधुनिक शैक्षणिक और शोध सुविधाएं विकसित होंगी। विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार बनाया जाएगा। इसके अलावा 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास, 401 आवासीय इकाइयां, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी विकसित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय में शिक्षा और शोध के साथ किसानों के प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर रहेगा। वानिकी एवं औद्यानिकी से जुड़े शोध को किसानों तक पहुंचाने की योजना है, जिससे आधुनिक बागवानी तकनीक, कृषि वानिकी और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिल सकेगा।
