पीलीभीत। 127 पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का मामला अब न्यायालय पहुंच गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत ने मामले में बरेली मंडलायुक्त, पीलीभीत के तत्कालीन और वर्तमान जिलाधिकारी समेत सात लोक सेवकों को नोटिस जारी कर आख्या तलब की है। मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर 2026 को होगी, जिसमें संबंधित अधिकारी अपना पक्ष रखेंगे।
मतदाता सूची में अनियमितताओं को लेकर न्यायालय में याचिका
कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173(4) के तहत CJM न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया था। इसमें 127 पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में 13,150 मतदाताओं के विवरण में बदलाव किया गया, 804 मतदाताओं के नाम काटे गए और करीब 2,600 संदिग्ध नामों को लेकर गंभीर सवाल हैं। इसके अलावा 13,779 फार्मों की फीडिंग और मूल अभिलेखों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए गए हैं। याचिका में तत्कालीन निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने के साथ डिजिटल डाटा और मूल अभिलेखों का परीक्षण कराने की मांग की गई है।
बरेली मंडलायुक्त समेत सात अधिकारियों से मांगी आख्या
बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने अपना पक्ष रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की। न्यायालय ने मामले से जुड़े तथ्यों और अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए आख्या तलब की। नोटिस जारी किए गए अधिकारियों में बरेली मंडलायुक्त, पीलीभीत के तत्कालीन जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, वर्तमान जिलाधिकारी आलोक कुमार, तत्कालीन एसडीएम मयंक गोस्वामी, एसडीएम हेमंत चौधरी और कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार शामिल हैं। इसके अलावा कोतवाली थाना प्रभारी से प्राथमिकी दर्ज होने के संबंध में जानकारी मांगी गई है।
दो PCS अधिकारियों को पहले ही किया जा चुका है निलंबित
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मामले में PCS अधिकारी हेमंत कुमार चौधरी और मयंक गोस्वामी को सरकार पहले ही निलंबित कर चुकी है। दोनों पीलीभीत में उपजिलाधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पद पर तैनात रहे थे। मतदाता सूची में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पूरे मामले की जांच मुरादाबाद मंडलायुक्त को सौंपी गई थी। अब न्यायालय की ओर से अधिकारियों से आख्या तलब किए जाने के बाद मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी। इस सुनवाई में संबंधित अधिकारियों के पक्ष और जांच से जुड़े तथ्यों पर नजर रहेगी।
