गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां बुधवार शाम डासना जिला कारागार से रिहा हो गए। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में न्यायिक हिरासत में बंद आजम खां की रिहाई की खबर मिलते ही जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई। जैसे ही वह जेल से बाहर आए, समर्थकों ने ‘आजम खां जिंदाबाद’ के नारे लगाकर उनका स्वागत किया।
रिहाई पर बेटे अब्दुल्ला आजम ने जताई खुशी
पिता की रिहाई के समय अब्दुल्ला आजम भी डासना जेल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आज यहां जुटे सभी शुभचिंतकों के लिए बेहद खुशी का दिन है। लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। यह उन लोगों का जमावड़ा है, जो वास्तव में आजम खां का सम्मान करते हैं। इसी दौरान उन्होंने कहा, “टाइगर वापस आ गया।”
अंतरिम जमानत आदेश के बाद जारी हुआ रिहाई परवाना
जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम आजम खां का रिहाई परवाना डासना जिला कारागार पहुंचा था। इसके करीब एक घंटे बाद वह जेल से बाहर आ गए। आजम खां एक नवंबर से न्यायिक हिरासत में डासना जेल में बंद थे। रिहाई की प्रक्रिया के तहत आजम खां के अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का अंतरिम जमानत आदेश अदालत में दाखिल किया। इसके बाद 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और इतनी ही धनराशि का व्यक्तिगत बंधपत्र प्रस्तुत किया गया। जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अदालत ने उनका रिहाई परवाना जारी कर दिया।
