बदायूं। रुहेलखंड के प्रसिद्ध मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र मुनिराज ने मंडलायुक्त शंभु कुमार, जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर, गंगा घाटों, आवागमन मार्गों और पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। साथ ही सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान डीआईजी मुनिराज ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने को कहा। इसके साथ ही प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती के निर्देश
डीआईजी ने गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त बैरिकेडिंग और अग्निशमन एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत रखने पर जोर दिया। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए यातायात और पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाएं समय से पूरी करने को कहा
मेला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और संपर्क मार्गों से जुड़ी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, जिससे मेले का शांतिपूर्ण और सकुशल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मानवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर साईं अश्रित शाखमुरी, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
