गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को सोमवार को गाजियाबाद की पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें अदालत में लाया गया था। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आजम खां को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। यह कार्रवाई रामपुर की जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित 426 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में की गई है।
पूछताछ में ईडी के आरोपों को नकारते रहे आजम खां
ईडी की ओर से बीते तीन दिनों तक की गई पूछताछ में आजम खां से करीब 200 सवाल किए गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने ज्यादातर सवालों के सीधे जवाब नहीं दिए और ट्रस्ट के फैसलों की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। ईडी के आरोपों को भी वह लगातार खारिज करते रहे। शत्रु संपत्ति पर कब्जे के आरोपों को नकारते हुए आजम खां ने इसके लिए रामपुर के जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। रविवार को भी ईडी अधिकारियों ने उनसे लंबी पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताते हुए खुद को पीड़ित बताया। आजम खां ने उन ठेकेदारों से भी सीधा संबंध होने से इनकार किया, जिन पर सरकारी काम के लिए मिली धनराशि को जौहर विश्वविद्यालय के भवनों के निर्माण में खर्च करने और ट्रस्ट को चंदा देने के आरोप हैं। अब ईडी उनके करीबियों को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी में है। इनमें से कुछ को सरकारी गवाह बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
426 करोड़ के कथित धनशोधन मामले में हुई गिरफ्तारी
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने आजम खां को गिरफ्तार कर लिया था। यह कार्रवाई जौहर विश्वविद्यालय और जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित 426 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में की गई थी। इसके बाद ईडी ने अदालत से उनकी रिमांड हासिल कर पूछताछ की थी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में गिरफ्तारी को चुनौती
उधर, आजम खां की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी सुनवाई जारी रही। जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित धनशोधन मामले में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ आजम खां ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उनकी ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पक्ष रखा। हाईकोर्ट में ईडी की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर बहस हो रही है।
