लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस की ओर से समाजवादी पार्टी को सौंपी गई 181 सीटों की सूची सामने आने का दावा किया जा रहा है। इस सूची में कांग्रेस ने अपने पारंपरिक गढ़ रायबरेली और अमेठी की लगभग सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इसके अलावा लखनऊ, पश्चिमी यूपी, रुहेलखंड, ब्रज, बुंदेलखंड और पूर्वांचल की कई सीटों को भी अपनी प्राथमिकता में रखा है।
रायबरेली-अमेठी से लखनऊ तक इन सीटों पर दावा
सामने आई सूची के मुताबिक, कांग्रेस ने रायबरेली की सदर, बछरावां, हरचंदपुर, सलोन, सरेनी और ऊंचाहार सीटों के साथ अमेठी जिले की तिलोई, जगदीशपुर, गौरीगंज और अमेठी सीट पर दावा किया है। राजधानी लखनऊ की मोहनलालगंज, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, सरोजनी नगर और लखनऊ पूर्व सीटें भी सूची में शामिल हैं। पश्चिमी यूपी में सहारनपुर जिले की बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, रामपुर मनिहारान और गंगोह सीटों को शामिल किया गया है। इसके अलावा शामली, थानाभवन, बुढ़ाना, पुरकाजी, मीरापुर, चरथावल, बिजनौर, नगीना/बढ़ापुर, धामपुर, नहटौर, मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद ग्रामीण, कुंदरकी, चंदौसी, स्वार, बिलासपुर, मिलक, धनौरा, नौगावां सादात और हसनपुर सीटों पर भी पार्टी ने दावेदारी जताई है। मेरठ और आसपास के जिलों से सिवालखास, हस्तिनापुर, मेरठ दक्षिण, बागपत, छपरौली, लोनी, मोदीनगर, धौलाना, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, दादरी, जेवर, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, स्याना, अनूपशहर, शिकारपुर और खुर्जा सीटें सूची में हैं। ब्रज क्षेत्र में अलीगढ़ की कोल, इगलास और खैर; मथुरा की मांट, मथुरा और बलदेव; जबकि आगरा की आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खैरागढ़, बाह, टूंडला और फिरोजाबाद सीटों पर कांग्रेस ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
रुहेलखंड, मध्य यूपी, कानपुर और बुंदेलखंड की सीटें
रुहेलखंड में बदायूं, दातागंज, बरेली की मीरगंज, नवाबगंज, फरीदपुर, बरेली कैंट और आंवला के साथ पीलीभीत, पूरनपुर, तिलहर और शाहजहांपुर की सीटों को सूची में जगह दी गई है। लखीमपुर खीरी की पलिया, गोला गोकर्णनाथ और मोहम्मदी तथा सीतापुर की सीतापुर, लहरपुर, बिसवां, सेवता, महमूदाबाद और सिधौली सीटें भी इसमें शामिल हैं। हरदोई की शाहाबाद और बिलग्राम, उन्नाव की बांगरमऊ, बाराबंकी की कुर्सी, जैदपुर, हैदरगढ़ और दरियाबाद के साथ अयोध्या की बीकापुर सीट पर भी कांग्रेस की नजर है। कानपुर नगर और देहात की अकबरपुर रनिया, बिल्हौर, बिठूर, गोविंदनगर, किदवई नगर, कानपुर कैंट और घाटमपुर सीटों को भी सूची में शामिल किया गया है। इसके अलावा फर्रुखाबाद, औरैया, कालपी, उरई, झांसी नगर, मऊरानीपुर, महरौनी, हमीरपुर, राठ, नरैनी, मानिकपुर, जहानाबाद, बिंदकी, अयाह शाह और हुसैनगंज सीटों पर भी कांग्रेस ने दावा जताया है।
पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल की सीटें भी सूची में
पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल में प्रतापगढ़ की रामपुर खास, विश्वनाथगंज और प्रतापगढ़ सदर के साथ प्रयागराज व कौशांबी की चायल, फूलपुर, करछना, इलाहाबाद उत्तर, इलाहाबाद दक्षिण, बारा और कोरांव सीटें शामिल हैं। वाराणसी की पिंडरा, रोहनिया, वाराणसी उत्तर और वाराणसी कैंट सीटों पर भी कांग्रेस ने दावेदारी की है। इसके अलावा सुल्तानपुर, लंभुआ, कटेहरी, बलहा, नानपारा, महसी, उतरौला, बलरामपुर, गौरा, शोहरतगढ़, हर्रैया, महादेवा, खलीलाबाद, फरेंदा, नौतनवा, महाराजगंज, पनियरा, गोरखपुर ग्रामीण, बांसगांव, चिल्लूपार, खड्डा, फाजिलनगर, रुद्रपुर, देवरिया, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, सलेमपुर, बरहज, निजामाबाद, मधुबन, बेल्थरा रोड, बलिया नगर, बदलापुर, जौनपुर, जफराबाद, जखनियां, जहूराबाद, मुगलसराय, ज्ञानपुर, औराई, छानबे, मझवां, मड़िहान और रॉबर्ट्सगंज सीटों को भी संभावित सूची में रखा गया है।
17 नवंबर से शुरू होगी सीट बंटवारे पर बातचीत
सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच 17 नवंबर से औपचारिक बातचीत शुरू होने की संभावना है। दोनों दलों की ओर से कमेटियां बनाई जा रही हैं, जो एक-एक विधानसभा सीट पर चुनावी स्थिति और जीत की संभावनाओं के आधार पर चर्चा करेंगी। कमेटियों की रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी, जिसके बाद सीटों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, पार्टी ने सपा को करीब 180 से 200 सीटों की सूची पहले ही सौंप दी है। उन्होंने कहा कि दोनों दल सीटों की संख्या से ज्यादा जीत की संभावना पर जोर दे रहे हैं। गठबंधन में कांग्रेस बराबर और सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है। दोनों पार्टियां मिलकर जिताऊ उम्मीदवार उतारने पर विचार करेंगी, ताकि भाजपा को सत्ता से बाहर किया जा सके। सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
