बरेली : देशभर में जनगणना -2027 की तैयारियों के बीच बरेली में सोमवार से स्वगणना अभियान की शुरुआत हो गई। डीएम अविनाश सिंह ने अपने कैंप कार्यालय में परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों के साथ ऑनलाइन स्वगणना कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज किया। डीएम ने जनपदवासियों से भी स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने परिवार की सही एवं सटीक जानकारी दर्ज करने की अपील की। डीएम ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़े जुटाने की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है।जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य में सरकारी योजनाओं के निर्माण, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार को विभिन्न क्षेत्रों में जनसंख्या की स्थिति, जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों का आकलन करने में मदद मिलती है।
देश के विकास में आपकी जानकारी बनेगी आधार
डीएम ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए जनगणना के आंकड़े बेहद उपयोगी होते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस राष्ट्रीय अभियान का महत्व समझना चाहिए और अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इसमें भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वगणना की ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें।जानकारी भरते समय विशेष ध्यान रखें कि कोई भी आवश्यक विवरण गलत या अधूरा न हो, क्योंकि जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता काफी हद तक नागरिकों की ओर से उपलब्ध कराई गई सही जानकारी पर निर्भर करती है।
अधिकारियों को प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश
स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जिलेभर में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि नागरिक स्वगणना की प्रक्रिया और उसके महत्व को समझ सकें। लोगों को स्वयं स्वगणना करने के साथ अपने आसपास रहने वाले अन्य परिवारों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह सहित जिलाधिकारी कैंप कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्वगणना अभियान में भागीदारी की।
