स्वर्गीय गिरीश चंद्र भट्ट फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेले गए 14 मुकाबले, एस्ट्रोन एफसी ने पीलीभीत को 2-1 से हराया, तो यूथ ने 3-0 से दर्ज की शानदार जीत
बरेली : फुटबॉल प्रेमियों के लिए रोमांच और उत्साह से भरा स्वर्गीय गिरीश चंद्र भट्ट फुटबॉल टूर्नामेंट का दूसरा दिन बेहद खास रहा। दूसरे दिन कुल 14 मुकाबले खेले गए, जिनमें दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कड़े संघर्ष के बाद एस्ट्रोन एफसी और यूथ की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली। पहले सेमीफाइनल में जिला फुटबॉल संघ, पीलीभीत और एस्ट्रोन एफसी के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें एस्ट्रोन एफसी ने 2-1 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में पीलीभीत और यूथ की टीमें आमने-सामने थीं।इस मुकाबले में यूथ की टीम ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
अब खिताब को भिड़ेंगी एस्ट्रोन एफसी और यूथ की टीमें

अब टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 16 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे एनएमसी मैदान पर एस्ट्रोन एफसी और यूथ के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के फाइनल में पहुंचने के बाद खेल प्रेमियों में खिताबी भिड़ंत को लेकर खासा उत्साह है। दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में मानवेन्द्र, चंद्र यादव, प्रतीक और महिमा ने निर्णायक यानी रेफरी की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में विक्रम सिंह नेगी, सुमित यादव, राजेश रावत और अविनाश शर्मा सहित आयोजन समिति के सदस्यों का योगदान रहा। वहीं, राजकुमार, प्रेमा, गोविंद बोरा, दीप तिवारी, राजेश, कौशल पाल, सुनील पाल, रमेश, सोनू और ठाकुर सहित खेल प्रेमियों ने भी सहयोग किया। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। अब सभी की निगाहें 16 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां एस्ट्रोन एफसी और यूथ के बीच खिताब के लिए निर्णायक संघर्ष देखने को मिलेगा।
