लखनऊ : उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि टैबलेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं का भविष्य संवारने की कुंजी है। इसका इस्तेमाल ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़कर देश-दुनिया की जानकारी हासिल करने और अपने कौशल को विकसित करने की अपील की।
18 हजार से अधिक निशुल्क कोर्स, युवा साथी ऐप से मिलेगी योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। युवा अपनी रुचि के अनुसार योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डीप टेक और अन्य आधुनिक विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे। टैबलेट में युवा साथी ऐप के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। इनमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना शामिल हैं। सीएम योगी ने कहा कि युवाओं की जरूरत और मांग को देखते हुए सरकार ने स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद के नाम पर शुरू हुई इस योजना का शुभारंभ 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर हुआ था। कोरोना महामारी के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाओं में व्यवधान रोकने के उद्देश्य से दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य रखा गया था। पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रतिवर्ष दो लाख से अधिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के स्नातक तैयार कर रहा है। टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी कंपनियां युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित करने में सहयोग कर रही हैं।
सपा सरकार पर निशाना, बोले- चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलती थी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले युवाओं को समय पर पढ़ाई, परीक्षा और रोजगार के अवसर नहीं मिलते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। बिना लेनदेन और खर्ची-पर्ची के नौकरी मिलना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि उस दौर में परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे को मिल जाता था। उनकी सरकार ने ऐसी नियुक्तियों को निरस्त किया और अब पारदर्शिता के साथ भर्ती की जा रही है। सीएम योगी ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा विभाग में 3568, पंचायती राज विभाग में 1375, कुशल खिलाड़ियों में 470, फॉरेंसिक साइंस में 28, पुलिस में 4543 और राजस्व विभाग में 1146 नियुक्तियों का उल्लेख किया। साथ ही 8000 लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 42 हजार होमगार्ड को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास है।
‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा’, युवाओं से नौकरी देने वाला बनने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने उत्तर प्रदेश की पहचान बदली है। अब प्रदेश में ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा’ का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि माफिया और दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की पहचान से निकलकर देश की टॉप थ्री अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने जा रही है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग उत्तर प्रदेश में हो रही है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। सीएम युवा योजना के तहत ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने लखनऊ की एचसीएल यूनिट, ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना और अमेठी में एके-203 राइफल निर्माण का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महज 25 वर्ष की उम्र में बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी थी और मातृभूमि, सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। उन्होंने युवाओं को भगवान राम, भगवान कृष्ण, महात्मा बुद्ध, आदि शंकराचार्य, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा, दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी और रजनी तिवारी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और उन्नाव से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
