पीलीभीत। गांवों को सुविधाओं से जोड़ने और ग्रामीणों को आय, जाति, निवास सहित जरूरी प्रमाणपत्र गांव में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार लाखों रुपये खर्च कर पंचायत भवन और जनसेवा केंद्रों का निर्माण करा रही है। लेकिन पीलीभीत के एक गांव में सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। यहां पंचायत भवन पर ताले लटके हैं, जबकि जनसेवा केंद्र बदहाल पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सरकार सिर्फ कागजों में चल रही है और सरकारी भवनों का उन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा।
पंचायत भवन पर ताले, चारों ओर बने उपले

तस्वीरें पीलीभीत की बीसलपुर तहसील क्षेत्र के नवदिया सितारगंज गांव की हैं। यहां लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया पंचायत भवन लंबे समय से बंद पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक, भवन में न तो अधिकारी-कर्मचारी पहुंचते हैं और न ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान होता है। पंचायत भवन बंद रहने से लोगों को जरूरी प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भटकना पड़ रहा है। विकास कार्यों पर भी इसका असर पड़ रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर जब मौके पर पड़ताल की गई तो पंचायत भवन के गेट पर ताला लटका मिला और कर्मचारी नदारद थे। भवन के आसपास महिलाओं ने गोबर के उपले बनाने शुरू कर दिए हैं। परिसर में लकड़ी और अन्य सामान भी रखा हुआ मिला। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन केवल 26 जनवरी और 15 अगस्त को ही खुलता है, जब अधिकारी वहां ध्वजारोहण करने पहुंचते हैं। इसके बाद पूरे साल भवन बंद रहता है।
जनसेवा केंद्र में शराब की बोतलें और ताश की गड्डी
जनसेवा केंद्र की हालत भी बेहद खराब मिली। भवन में न तो गेट दिखाई दिया और न ही खिड़कियां। खुले पड़े परिसर में लोगों ने अपना डेरा जमा रखा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम ढलने के बाद यहां आवारा युवक जुटते हैं। मौके पर शराब की खाली बोतलें, पैकेट, सिगरेट की खाली डिब्बियां, नमकीन के पैकेट और ताश की गड्डी पड़ी मिली। जिस जनसेवा केंद्र का निर्माण ग्रामीणों को सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया गया था, वह अब बदहाल स्थिति में है। ऐसे में ग्रामीणों को आय, जाति और निवास जैसे जरूरी प्रमाणपत्रों के लिए गांव से बाहर जाना पड़ रहा है।
लाखों खर्च के बाद भी ग्रामीण सुविधाओं से वंचित

शासन स्तर से गांवों को सशक्त और हाईटेक बनाने के उद्देश्य से पंचायत भवनों और जनसेवा केंद्रों का निर्माण कराया गया था। मकसद था कि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही सरकारी सेवाएं मिल सकें और उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए शहरों के चक्कर न लगाने पड़ें। लेकिन नवदिया सितारगंज की स्थिति सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी भवनों का उपयोग नहीं होने से उन्हें कोई सुविधा नहीं मिल पा रही है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करते हैं और पंचायत भवन व जनसेवा केंद्र को दोबारा ग्रामीणों के उपयोग के लायक बनाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
रिपोर्टर: ऋतिक द्विवेदी
