बरेली। लखनऊ में आयोजित संगठन संवाद संकल्प कार्यशाला में बरेली के बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशफाक सकलानी और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कार्यशाला में पहुंचे। यहां संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने को लेकर चर्चा हुई। कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के जिला और महानगर अध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया।
संगठन को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ मौजूद रहीं। इस दौरान संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
जिला और महानगर अध्यक्षों को फिर मिलेगी जिम्मेदारी
कार्यशाला में निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जिला कांग्रेस अध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस फैसले से संगठन में निरंतरता बनाए रखने और आगामी कार्यक्रमों को गति देने में मदद मिलने की बात कही गई।
बरेली लौटने पर होगा स्वागत
डॉ. मेहंदी हसन ने कहा कि बरेली पहुंचने पर जिला अध्यक्ष अशफाक सकलानी और महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा का जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कार्यशाला में शामिल होकर लौट रहे दोनों अध्यक्षों के स्वागत की तैयारी की बात कही। इस अवसर पर डॉ. मेहंदी हसन, रमेश श्रीवास्तव, जीशान अफरीदी, तीरथ मधुकर सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
