बरेली। स्वच्छता सर्वेक्षण में बरेली को इस बार बीते वर्ष के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआती नतीजों ने नगर निगम को झटका दिया है। शहर न तो अलग-अलग श्रेणियों में जारी टॉप थ्री की सूची में जगह बना सका और न ही सुपर स्वच्छ लीग में स्थान हासिल कर पाया। पिछले सर्वेक्षण में देशभर में 20वीं रैंक हासिल करने के बाद नगर निगम को इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। अब शहर की निगाहें अंतिम रैंकिंग पर टिक गई हैं। निगम अधिकारियों को उम्मीद है कि बरेली शीर्ष-10 में जगह बना सकता है।
43 मानकों पर परखी गई शहरों की स्वच्छता व्यवस्था
स्वच्छ सर्वेक्षण में इस वर्ष कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, कचरे का परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, शौचालयों की व्यवस्था, सीवर प्रबंधन और नागरिक फीडबैक समेत 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 मानकों पर शहरों का मूल्यांकन किया गया। दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में विशाखापत्तनम, जबलपुर और लखनऊ ने टॉप थ्री में जगह बनाई। वहीं, सुपर स्वच्छ लीग में नवी मुंबई, सूरत और विजयवाड़ा शीर्ष पर रहे। बरेली को किसी भी श्रेणी में स्थान नहीं मिला। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के अनुसार, रैंकिंग सुधारने के लिए कूड़ा प्रबंधन से लेकर सफाई व्यवस्था तक कई स्तरों पर ठोस प्रयास किए गए।
कूड़ा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था में किए गए प्रयास
नगर निगम की ओर से शहर में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर विकसित किए गए, जहां कचरे को अलग-अलग कर निस्तारित करने की व्यवस्था की गई। गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण पर जोर दिया गया। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए वाहनों की संख्या भी बढ़ाई गई। नालों की सफाई के लिए रोबोटिक मशीन की व्यवस्था की गई। प्रमुख बाजारों और सड़कों पर रात में भी सफाई कराई जाने लगी। बाकरगंज में वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए सथरापुर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू किया गया। इसके अलावा सड़कों पर धूल रोकने के लिए रोजाना पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
सीएंडडी वेस्ट प्लांट में देरी बनी चुनौती
कई प्रयासों के बावजूद कुछ परियोजनाओं का समय से पूरी तरह शुरू नहीं हो पाना चुनौती बना रहा। सीएंडडी वेस्ट प्लांट के संचालन में देरी और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं की सुस्त प्रगति का असर भी पड़ सकता है। वहीं, गंदगी फैलाने और नालियों में गोबर डालने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम की ओर से विभिन्न आयोजनों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया गया। सर्वेक्षण के दौरान नागरिकों से सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बरेली ने राष्ट्रीय स्तर पर 20वां स्थान हासिल किया था। इस बार उससे बेहतर रैंकिंग की तैयारी थी, लेकिन टॉप थ्री और सुपर स्वच्छ लीग में जगह नहीं मिलने के बाद अब निगम को अंतिम परिणाम का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार को बरेली समेत अन्य शहरों की अंतिम रैंकिंग जारी की जा सकती है।
