पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर निशाना साधते हुए इसे भाजपा के लिए फायदेमंद बताया है। पीलीभीत पहुंचे किसान नेता ने ओवैसी को भाजपा का एजेंट बताते हुए आरोप लगाया कि वह भाजपा के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अब चंद्रशेखर को भी अपने पाले में लेकर भाजपा को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। टिकैत ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की।
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर साधा निशाना
राकेश टिकैत ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर के बीच हुआ गठबंधन भाजपा को सीधा फायदा पहुंचाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी भाजपा के लिए काम करते हैं और इस गठबंधन से भाजपा की राजनीतिक रणनीति को लाभ मिल सकता है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में गठबंधन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
किसान नेता ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब पूरे देश के सामने चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ी उजागर हो चुकी है, तो चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और आयोग की भूमिका को लेकर सवाल उठाए।
ग्रीन पैलेस के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे टिकैत
दरअसल, राकेश टिकैत अमरिया तहसील क्षेत्र के गांव करगैना स्थित खोजी ग्रीन पैलेस के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उद्घाटन के दौरान उन्होंने गुरुद्वारा नानकसर बड़ापुरा के बाबा मोहन सिंह को माल्यार्पण किया और उन्हें चित्र भेंट किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने ओवैसी, चंद्रशेखर और चुनाव आयोग को लेकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात की और वहां से रवाना हो गए। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष बलजिंदर सिंह मान, जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी, वेद प्रकाश कश्यप, धर्मेंद्र सिंह और अशरफ समेत संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
