हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के बहुचर्चित बूलगढ़ी कांड से जुड़े मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने न्यायालय में अपना जवाब दाखिल कर दिया है। राहुल गांधी के अधिवक्ता भगवती प्रसाद ने जवाब में रामू, रवि और लवकुश की ओर से दाखिल पुनरीक्षण याचिका को खारिज करने की मांग की है। जवाब में कहा गया है कि निचली अदालत ने सभी तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद 13 मई को मानहानि की शिकायत खारिज कर दी थी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।
2020 के बूलगढ़ी कांड से जुड़ा है मामला
यह मामला 14 सितंबर 2020 को हाथरस के बूलगढ़ी गांव में हुई घटना से जुड़ा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 दिसंबर 2024 को गांव पहुंचे थे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। आरोप है कि इस मुलाकात के दौरान उन्होंने कोर्ट से बरी किए जा चुके रामू, रवि और लवकुश को गैंगरेप का आरोपी बताया था। इसके बाद तीनों युवकों ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की याचिका दाखिल की थी। 13 मई 2026 को एसीजेएम कोर्ट ने मानहानि की शिकायत खारिज कर दी थी। इस फैसले के खिलाफ रामू, रवि और लवकुश ने जिला न्यायालय में पुनरीक्षण याचिका दाखिल की। बाद में मामले को अपर जिला न्यायालय पंचम में स्थानांतरित किया गया, जहां से राहुल गांधी को नोटिस जारी किया गया था।
राहुल गांधी की ओर से पुनरीक्षण याचिका खारिज करने की मांग
राहुल गांधी के अधिवक्ता भगवती प्रसाद की ओर से दाखिल जवाब में कहा गया है कि राहुल गांधी के एक्स अकाउंट पर की गई पोस्ट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिखा गया था। पोस्ट में पीड़ित परिवार की परिस्थितियों और सरकारी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए थे। जवाब में यह भी कहा गया कि निचली अदालत ने शिकायतकर्ता के बयान, दोनों गवाहों की गवाही, जांच रिपोर्ट और संबंधित पोस्ट का परीक्षण करने के बाद शिकायत खारिज की थी। बचाव पक्ष के मुताबिक, गवाहों की व्यक्तिगत नाराजगी या सामाजिक संबंधों में बदलाव मात्र से मानहानि का अपराध साबित नहीं होता।
7 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
राहुल गांधी के अधिवक्ता भगवती प्रसाद सिंह ने बताया कि उनकी ओर से न्यायालय में जवाब दाखिल कर दिया गया है। जवाब के माध्यम से रामू, रवि और लवकुश की पुनरीक्षण याचिका खारिज करने की मांग की गई है। अब इस मामले में न्यायालय में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
