बरेली के स्कूल में कक्षा तीन की छात्राओं से छेड़खानी का आरोप, शिक्षक हटाया
बरेली। बरेली के बहेड़ी कस्बे के एक नामचीन स्कूल में कक्षा तीन की छात्राओं से छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक आयुष शर्मा छात्राओं को कंप्यूटर लैब में ले जाकर उनके साथ अनुचित व्यवहार करता था। शिकायत करने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी भी देता था। अभिभावकों की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया। वहीं, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कंप्यूटर लैब में अनुचित व्यवहार करने का आरोप
एक अभिभावक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को शिक्षक आयुष शर्मा छात्राओं को कंप्यूटर लैब में ले गया और उनके साथ गलत हरकत की। छात्राओं ने बाद में प्रधानाचार्य को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षक शिकायत करने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी देता था। छात्राओं के मुताबिक, आरोपी करीब एक महीने से इस तरह की हरकत कर रहा था।
दीपावली से पहले भी की गई थी शिकायत
अभिभावकों का आरोप है कि उन्होंने दीपावली से पहले भी इस संबंध में कक्षा अध्यापक से शिकायत की थी, लेकिन प्रधानाचार्य से बात नहीं हो पाने की बात कहकर मामला टाल दिया गया।
अभिभावकों की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन ने की जांच
बृहस्पतिवार दोपहर कई अभिभावक एकत्र होकर स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य से शिकायत की। इसके बाद प्रबंधन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षक आयुष शर्मा को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी स्कूल पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस ने आरोपी शिक्षक से पूछताछ भी की।
पूर्व तैनाती वाले स्कूल में भी लगे थे आरोप
आरोपी शिक्षक की पूर्व तैनाती वाले स्कूल में भी इसी तरह की हरकत करने के आरोप लग चुके हैं। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
