मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी और पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने दीपावली पर सजाई खास रंगोली, विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करने में जुटीं
मिर्जापुर। पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने इस बार दीपावली खास अंदाज में मनाई। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह साड़ी पहने फूलों से सजी रंगोली के पास बैठी नजर आ रही हैं। रंगोली में ‘जननीति भारत’ लिखा गया है। दिव्या मित्तल की इस रंगोली को उनके राजनीतिक सफर और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
फूलों से सजाई ‘जननीति भारत’ की रंगोली
दिव्या मित्तल की रंगोली में गुलाबी रंग से ‘जननीति’ शब्द लिखा गया है, जिसे सजाने के लिए गुलाब की पंखुड़ियों का इस्तेमाल किया गया। वहीं, ‘भारत’ शब्द को पीले, सफेद और नीले रंग के साथ हरी पत्तियों से सजाया गया है। रंगों और फूलों से तैयार इस रंगोली के जरिए उन्होंने अपनी पार्टी की पहचान को सामने रखा है।
जननीति भारत की अध्यक्ष हैं दिव्या मित्तल
दिव्या मित्तल ने आईएएस की नौकरी छोड़ने के बाद राजनीति में आने का ऐलान किया था। उन्होंने ‘जननीति भारत’ नाम से अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई है और खुद इसकी अध्यक्ष हैं। पार्टी की ओर से पूरे उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की गई है। दिव्या मित्तल मिर्जापुर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। वह पहले जिले की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। अब एक बार फिर मिर्जापुर में सक्रिय होकर लोगों की समस्याएं सुनने और उनके मुद्दे उठाने में जुटी हैं। खबर के अनुसार, उन्होंने 24 अक्टूबर से जिले में प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है।
प्रशासनिक सेवा छोड़कर राजनीति में आईं दिव्या
2013 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल प्रशासनिक सेवा में रहने के बाद अगस्त 2026 में इस्तीफा दिया था। उनका इस्तीफा सितंबर में स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद 29 सितंबर को उन्होंने राजनीति में आने की घोषणा की थी। मिर्जापुर की जिलाधिकारी रहते हुए दिव्या मित्तल कई वजहों से चर्चा में रही थीं। अब विधानसभा चुनाव को लेकर वह जिले में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी हैं। चुनावी मैदान में उतरने को लेकर वह काफी आश्वस्त नजर आ रही हैं।
