नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद वारदात, दोनों जिला अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी
मुरादाबाद : नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद गंभीर वारदात सामने आई है। आरोप है कि पति तौकीर ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी फरहीन की गर्दन पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद की गर्दन पर भी छुरी से वार कर लिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
आठ साल पहले किया था प्रेम विवाह
बताया जा रहा है कि तौकीर और फरहीन ने करीब आठ साल पहले प्रेम विवाह किया था। घायल फरहीन के अनुसार, उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। आरोप है कि घटना वाले दिन भी तौकीर ने जान से मारने की नीयत से उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया।
जिला अस्पताल पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सीओ कुलदीप गुप्ता और थाना प्रभारी मनीष सक्सेना पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों और परिजनों से घटना की जानकारी ली। फिलहाल दोनों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगा रही है।
