हरदोई/लखनऊ : यूपी के हरदोई ज़िले से सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनोखा उदाहरण सामने आया है। यहाँ एसपी नीरज जादौन ने खुद अपनी निगरानी में एक पुलिसकर्मी का चालान कटवा दिया। दरअसल, एसपी अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने देखा कि एक दारोगा बिना हेलमेट पहने मोटरसाइकिल चला रहा है। एसपी ने तुरंत ही उस दरोगा को रुकवाया और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर उसी की बाइक का चालान करवा दिया। इस कार्रवाई से यह संदेश गया कि नियम सबके लिए बराबर हैं, चाहे वह आम नागरिक हो या वर्दीधारी अधिकारी।
सोशल मीडिया पर कप्तान की तारीफ
इस घटना से सोशल मीडिया पर पुलिस कप्तान की जमकर तारीफ हो रही है। आम लोगों का कहना है कि अगर सभी अधिकारी ऐसे उदाहरण पेश करें तो सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में गंभीरता बढ़ेगी। एसपी नीरज जादौन का यह कड़ा लेकिन जरूरी कदम निश्चित ही दूसरों के लिए एक मिसाल बन गया है।
