सीबीगंज के एक निजी स्कूल का मामला,विरोध करने पर अभद्रता और धमकी देने का भी आरोप
बरेली : यूपी के बरेली के एक निजी स्कूल में सात वर्षीय छात्रा की शिक्षिका द्वारा डंडे से पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिटाई से कक्षा तीन में पढ़ने वाली बच्ची का हाथ टूट गया। यह घटना सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल की बताई जा रही है। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षिका इफरा और स्कूल प्रबंधक इलियास खां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोविंदापुर गांव निवासी निजाकत हुसैन के मुताबिक, उनकी सात वर्षीय बेटी शुक्रवार को रोजाना की तरह स्कूल पढ़ने गई थी। आरोप है कि स्कूल में एक शिक्षिका ने किसी बात पर बच्ची की डंडे से पिटाई कर दी। इससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया।
शिकायत करने पहुंचे पिता से अभद्रता का आरोप
बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने पर निजाकत हुसैन स्कूल पहुंचे और शिक्षिका की शिकायत प्रबंधक से की।आरोप है कि इस दौरान प्रबंधक ने उनके साथ अभद्रता की। पिता का दावा है कि प्रबंधक ने यह कहते हुए धमकी दी कि स्कूल में इस तरह के मामले होते रहते हैं और उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा।
शिक्षिका और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ FIR
पीड़ित पिता ने मामले की शिकायत सीबीगंज पुलिस से की। पुलिस ने शिक्षिका और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
