पुलिस ने संचालक को किया गिरफ्तार, 22 बीघा में चल रहा था’फर्जी ट्रेनिंग कैंप’, 600 युवाओं से 18 करोड़ की ठगी का आरोप
मैनपुरी/ लखनऊ : यूपी के मैनपुरी जिले में फर्जी सेना भर्ती का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। किशनी क्षेत्र के जटपुरा चौराहे के पास 22 बीघा जमीन पर ‘आर्मी ट्रेनिंग कैंप’ के नाम पर चार साल से चल रही एक ठगी की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। आरोपी अरविंद पांडेय नामक शख्स सेना में नौकरी दिलवाने के नाम पर अब तक लगभग 600 युवाओं से करीब 18 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है। जमीन मालिकों को हर महीने 25 हजार रुपये किराया देकर यहां सेना जैसी ट्रेनिंग की फर्जी व्यवस्था की गई थी। जिसमें झंडे, वर्दियां, और कैम्प जैसी सभी सुविधाएं मौजूद थीं। युवाओं से दो से तीन लाख रुपये वसूले जाते थे। इसके साथ ही वायदा किया जाता था कि अगर सेना में नौकरी नहीं लगी, तो किसी न किसी सरकारी एजेंसी में ज़रूर लगवा देंगे। इस मामले में एसपी मैनपुरी के पीआरओ ने “The Justice Hindi” को बताया कि साहब मीटिंग में हैं। बोले, दोनों संचालकों की गिरफ्तारी हो गई है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
तेलंगाना से पहुंचे युवाओं ने खोल दी पोल
तेलंगाना के करीमनगर जिले के अशोक और उनके छह साथियों ने किशनी थाने में पहुंचकर आरोपी अरविंद पांडेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि यूट्यूब पर दिए गए विज्ञापन के माध्यम से वे फर्जीवाड़े के जाल में फंसे। एडमिशन के नाम पर 1.2 लाख ऑनलाइन और 1.3 लाख नकद दिए गए, लेकिन तीन महीने बाद भी किसी की नौकरी नहीं लगी।
दोनों गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने अरविंद पांडेय और उसके एक ट्रेनर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में और कई खुलासों की उम्मीद है। सेना से जुड़ा मामला होने के कारण अब मिलिट्री इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मामले में सक्रिय हो गई हैं।
![]()
