नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह वायु प्रदूषण ने गंभीर रूप ले लिया। सुबह 7:41 बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 605 दर्ज किया गया। शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक बना हुआ है।
कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार
दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से ऊपर दर्ज किया गया। इंडिया गेट पर एक्यूआई 414, गाजीपुर में 410 और धौला कुआं में 417 रिकॉर्ड किया गया। वहीं पंजाबी बाग में 452, आईटीओ में 418 और आरके पुरम में 423 एक्यूआई दर्ज हुआ। इन सभी इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में रही।
चांदनी चौक से लोधी रोड तक हवा बेहद खराब
राजधानी के कुछ अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा। चांदनी चौक में एक्यूआई 369, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 358, लोधी रोड में 304 और वसुंधरा एन्क्लेव में 328 दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में हवा बहुत खराब श्रेणी में रही। वहीं आनंद विहार में एक्यूआई 300 रिकॉर्ड किया गया, जो खराब श्रेणी के स्तर पर है।
दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर वाहनों की जांच तेज
प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर पुलिस की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और लागू प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के दूसरे चरण के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की जा रही है, ताकि प्रदूषण को और बढ़ने से रोका जा सके।
