ऑनलाइन बैठक में कानून व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा, पिछले 10 वर्षों में विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमों का होगा सत्यापन, चोरी और नकबजनी रोकने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश
बरेली: जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने ऑनलाइन बैठक कर कानून व्यवस्था और त्योहारों से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान विस्फोटक सामग्री के लाइसेंस, भंडारण और विक्रय से संबंधित प्रतिष्ठानों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अधिकारियों से सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा। इसके साथ ही पिछले दस वर्षों में विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमों की विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए।
विस्फोटक सामग्री के लाइसेंस और भंडारण की होगी जांच
एसएसपी अनुराग आर्य ने जिले में विस्फोटक सामग्री के लाइसेंस, भंडारण और बिक्री से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों का सत्यापन कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन हो और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन न किया जाए। इसके अलावा पिछले दस वर्षों में विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज अभियोगों का विस्तृत सत्यापन करने को कहा गया। अधिकारियों को संबंधित अभियुक्तों और मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पुराने मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जनसुनवाई में लापरवाही पर एसएसपी ने जताई सख्ती
बैठक में एसएसपी ने जनसुनवाई को गंभीरता से लेने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका प्रभावी समाधान कराया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
चोरी और नकबजनी रोकने के लिए बढ़ेगी रात्रि गश्त
एसएसपी ने जिले में नकबजनी और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। इसके लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, पिकेट ड्यूटी को सक्रिय रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग करने को कहा गया। पूर्व में हुई चोरी और नकबजनी की घटनाओं का विश्लेषण कर निरोधात्मक कार्रवाई और मामलों के अनावरण पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि घटनाओं की रोकथाम के साथ लंबित मामलों का जल्द खुलासा सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
ऑनलाइन समीक्षा बैठक में एएसपी, क्षेत्राधिकारी, मुख्य वित्तीय अधिकारी, सभी थाना प्रभारी, प्रभारी 112, निरीक्षक यातायात और रेडियो विभाग के अधिकारी शामिल हुए। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
