नूरानपुर में श्री शंकर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद रामकथा महोत्सव में होंगे शामिल, दोपहर 12:05 बजे पहुंचेगा राजकीय हेलीकॉप्टर; एनएसजी कमांडो ने संभाली सुरक्षा की कमान
पीलीभीत: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मंगलवार को पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र का दौरा करेंगे। वह नूरानपुर स्थित श्री शंकर मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए नौ जिलों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों तक कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
दोपहर 12:05 बजे नूरानपुर पहुंचेगा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार, योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 11 बजे लखनऊ से राजकीय हेलीकॉप्टर से पीलीभीत के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12:05 बजे उनका हेलीकॉप्टर नूरानपुर स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वह कार द्वारा श्री शंकर मंदिर पहुंचेंगे और दोपहर 12:10 से 12:20 बजे तक दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कथा मंडप में पहुंचकर दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक श्रीराम कथा महोत्सव में शामिल होंगे। दोपहर 1:30 बजे वह कार्यक्रम स्थल से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 1:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। इस तरह मुख्यमंत्री करीब डेढ़ घंटे पीलीभीत में रहेंगे।
नौ जिलों की पुलिस फोर्स संभालेगी सुरक्षा
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में पीलीभीत के अलावा बदायूं, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर समेत नौ जिलों की पुलिस फोर्स लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए चार अपर पुलिस अधीक्षक, 16 डिप्टी एसपी, 42 थाना प्रभारी, 144 उपनिरीक्षक और 38 महिला उपनिरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 707 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल, 124 महिला कांस्टेबल तथा 65 यातायात पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा में पीएसी की एक कंपनी भी रहेगी। कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर प्रत्येक स्थान पर पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
एनएसजी कमांडो ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात एनएसजी कमांडो और सुरक्षा टीम सोमवार को ही पीलीभीत पहुंच गई। टीम ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आसपास के इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के आगमन, आवागमन और कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्रेन और दमकल की गाड़ियों को भी तैयार रखा जाएगा। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर महिला पुलिसकर्मियों तथा यातायात पुलिस तक की ड्यूटी निर्धारित की गई है। प्रशासन का पूरा ध्यान मुख्यमंत्री के दौरे को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
