पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर गांव कैंच के पास देर रात हादसा, टक्कर के कुछ ही देर बाद कार में लगी आग; दमकल ने बुझाई लपटें
पीलीभीत: पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। थाना गजरौला क्षेत्र के गांव कैंच के पास सड़क पर अचानक आए छुट्टा गोवंश से टकराने के बाद एक कार में आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी।
रात करीब 12:30 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे कार पूरनपुर से पीलीभीत की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव कैंच के पास अचानक एक छुट्टा गोवंश सड़क पर आ गया। कार की गोवंश से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई। कार में आग लगते ही चालक राकेश कुमार ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वह मोहल्ला ईदगाह, बाबूगढ़ छावनी, जिला हापुड़ के निवासी हैं और कार में अकेले सवार थे। बताया गया कि वह पूरनपुर में अपने एक परिचित से मिलने के बाद घर लौट रहे थे।
दमकल ने आग पर पाया काबू, यातायात कराया सुचारु
हादसे की सूचना मिलते ही गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कार में लगी आग बुझाई। आग बुझने के बाद पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटवाया और हाईवे पर यातायात सुचारु कराया। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहत की बात रही कि चालक सुरक्षित बच गया।
रिपोर्टर: ऋतिक द्विवेदी
