23 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हुई पीईटी-2026 की परीक्षा,प्रशासन ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बरेली : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार, 25 अक्टूबर को बरेली के 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई।परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क रहा। डीएम अविनाश सिंह ने पहली पाली के दौरान इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज और इस्लामिया बॉयज इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से बताया गया कि रविवार को दोनों पालियों में कुल 20,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 14,035 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 6,653 अनुपस्थित रहे। इस तरह दोनों पालियों को मिलाकर लगभग 67.84 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
पहली पाली में 7,000 ने दी परीक्षा
रविवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई।इस पाली में कुल 10,344 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 7,000 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,344 अनुपस्थित रहे। पहली पाली में उपस्थिति लगभग 67.67 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की जांच की गई। निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षा और तलाशी की व्यवस्था रखी गई, ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले कुछ अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र के स्तर को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दीं।
दूसरी पाली में 7,035 अभ्यर्थी उपस्थित
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। इस पाली में भी 10,344 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। बताया जाता है कि मुताबिक, 7,035 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3,309 अनुपस्थित रहे।दूसरी पाली में उपस्थिति लगभग 67.99 प्रतिशत रही। दोनों पालियों के आंकड़ों को मिलाकर 20,688 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 14,035 उपस्थित और 6,653 अनुपस्थित रहे। पहली और दूसरी पाली में उपस्थिति का प्रतिशत लगभग 68 प्रतिशत के आसपास रहा।
बॉयज इंटर कॉलेज का किया निरीक्षण
डीएम ने अविनाश सिंह ने पहली पाली के दौरान इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज और इस्लामिया बॉयज इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा आयोग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप कराई जाए। परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुविधा का ध्यान रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया गया।
एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में भी परीक्षा संपन्न
एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में भी पीईटी-2026 की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। विद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, परीक्षा दो ब्लॉक में संपन्न हुई और केंद्र पर व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर संबंधित मजिस्ट्रेट और आयोग के प्रतिनिधि मौजूद रहे। केंद्र पर परीक्षा संचालन में प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी, डॉ. मेहंदी हसन सहित विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का योगदान रहा।
तीन दिनों में होनी है परीक्षा
पीईटी-2026 का आयोजन बरेली में 25 अक्टूबर के अलावा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी निर्धारित है। परीक्षा तीन दिनों में दो-दो पालियों में आयोजित की जानी है। प्रत्येक पाली में 10,344 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था बताई गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान निर्धारित पहचान और जांच संबंधी नियमों का पालन करना आवश्यक है।
अभ्यर्थियों की आवाजाही के लिए परिवहन व्यवस्था
दूसरे जिलों से परीक्षा देने बरेली पहुंचने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, रविवार को ट्रेन से लेकर बसों में बड़ी संख्या में भीड़ थी, जबकि रोडवेज की ओर से 120 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था और रेलवे की ओर से तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का उल्लेख किया गया है। बसों के माध्यम से बरेली को गाजियाबाद, शाहजहांपुर, सीतापुर, बदायूं, कासगंज, मथुरा, फर्रुखाबाद, हरदोई तथा अन्य मार्गों से जोड़ने की व्यवस्था बताई गई है।
