बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से इन दिनों परीक्षा फार्म भरवाए जा रहे हैं, लेकिन बरेली कॉलेज के कई विद्यार्थी नामांकन संख्या नहीं मिलने के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इस समस्या को लेकर शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता और छात्र कॉलेज के प्राचार्य कार्यालय पहुंचे। काफी देर इंतजार के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों के नहीं मिलने पर कार्यकर्ता नाराज हो गए। उन्होंने प्राचार्य समेत तीन कुर्सियों पर लापता पोस्टर चिपका दिए और नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में प्राचार्य की कुर्सी कार्यालय से बाहर निकालकर रख दी। अधिकारियों से फोन पर आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
नामांकन संख्या नहीं मिलने से विद्यार्थियों की बढ़ी परेशानी
कॉलेज इकाई अध्यक्ष सत्यम गुर्जर के नेतृत्व में पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नामांकन संख्या उपलब्ध नहीं होने के कारण कई विद्यार्थी परीक्षा फार्म नहीं भर पा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने से छात्रों को अपना शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होने की चिंता सता रही है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, वे अपनी समस्या लेकर प्राचार्य कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं मिला। इसके बाद उप प्राचार्य और मुख्य प्रॉक्टर भी अपने कार्यालय में नहीं मिले। इससे नाराज छात्रों ने विरोध जताना शुरू कर दिया।
तीन कुर्सियों पर चिपकाए लापता पोस्टर, प्राचार्य की कुर्सी बाहर रखी
कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारियों के नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य और पास में रखी दो अन्य कुर्सियों पर लापता लिखे पोस्टर चिपका दिए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए प्राचार्य की कुर्सी कार्यालय से बाहर निकालकर रख दी। इस दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य डॉ. नीरज पाल मलिक कार्यकर्ताओं को समझाते रहे, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन
प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य डॉ. नीरज पाल मलिक ने कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़वाने का भरोसा दिया। वहीं, उप प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने फोन पर आश्वासन दिया कि नामांकन संख्या की समस्या से प्रभावित सभी विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भरवाने की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस दौरान महानगर सहमंत्री कुनाल मिश्रा, इकाई मंत्री सलोनी यादव, नितिन मिश्रा, हर्ष राजपूत, लक्की शर्मा, अंश गंगवार, अंकिता और विनोद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
