सपा प्रमुख ने आजम खान के परिवार के साथ अन्याय का लगाया आरोप, जौहर यूनिवर्सिटी का सपना पूरा करने की कही बात, भाजपा सरकार पर आस्था से खिलवाड़ और मतदाता सूची में गड़बड़ी के लगाए आरोप
रामपुर/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जिला जेल पहुंचे। यहां उन्होंने सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान से मुलाकात की। जेल में मुलाकात के बाद अखिलेश यादव आजम खान के आवास पर भी पहुंचे और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आजम खान और उनके परिवार के साथ कथित अन्याय का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। आजम खान से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, “आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे।” उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक परिवार के साथ उतना अन्याय नहीं हुआ होगा, जितना आजम खान के परिवार के साथ हुआ है। अखिलेश ने उम्मीद जताई कि आजम खान को जल्द न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और रामपुर के बीच राजनीतिक ही नहीं, भावनात्मक रिश्ता भी है।
आजम खान के परिवार के साथ अन्याय का आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने रामपुर में रामराज की भावना को कुचला है। उन्होंने कहा कि आजम खान और उनके परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा आजम खान के साथ हुई मुलाकात अच्छी रही और उन्हें उम्मीद है कि न्याय की प्रक्रिया में उन्हें राहत मिलेगी।सपा प्रमुख ने कहा कि अन्याय और अत्याचार के मुद्दे पर रामपुर की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जवाब देगी।उन्होंने आजम खान के साथ अपने राजनीतिक और भावनात्मक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए काम करती रहेगी।
जौहर यूनिवर्सिटी का सपना पूरा करने की बात
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि यह आजम खान का सपना है और समाजवादी पार्टी इस सपने को पूरा करने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य पढ़ाई -लिखाई को बढ़ावा देना और छात्रों तथा युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाना है। सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और नौजवानों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी अपनी आवाज उठाती रहेगी।
आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ का आरोप
उन्होंने भाजपा पर धार्मिक आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे से जुड़े कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में भाजपा के लोगों की भूमिका है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का उठाया मुद्दा
सपा प्रमुख ने मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में कथित फर्जी नाम मौजूद हैं। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने करीब 100 विधानसभा क्षेत्रों की सूची दी है। इसमें लाखों संदिग्ध वोट होने का दावा किया गया है। अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई कि निर्वाचन आयोग मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएगा। उन्होंने आधार से जोड़ने की संभावना पर भी विचार करने की बात कही।मतदाता
2027 के चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना
रामपुर में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य भाजपा को चुनाव में हराना है और पार्टी के कार्यकर्ता इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की सरकार हटेगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। अखिलेश यादव ने भाजपा के सहयोगी दलों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्होंने सुना है कि भाजपा के कई सहयोगी दल उसका साथ छोड़ने जा रहे हैं।
शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव पर भी भाजपा को घेरा
समाजवादी पार्टी की ओर से 22 अक्टूबर को जारी एक अन्य बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनावों में आचार संहिता के विरुद्ध जाकर अधिकारियों तथा स्कूल-कॉलेज प्रबंधकों पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि कथित अनियमितताओं से जुड़े वीडियो बनाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर 23 को होने वाले 11 विधान परिषद सीटों के चुनाव में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की। ज्ञापन में सपा समर्थक मतदाताओं को कथित तौर पर डराने-धमकाने, विद्यालय प्रबंधकों पर दबाव बनाने और मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों की शिकायतें शामिल हैं। पार्टी ने मतदान के बाद बूथवार मतों का विवरण पोलिंग एजेंटों को उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
बरेली में जीत का दिया मंत्र
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बरेली एयरपोर्ट पर चेंज ओवर के दौरान रामपुर से लौटते वक्त सपा के प्रमुख नेता और पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में जीत को लेकर चुनावी मंत्र दिया। इसके साथ ही पीडीए को मजबूत करने की बात कही। इस दौरान सपा सांसद नीरज मौर्य,पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, वीरपाल सिंह यादव, प्रवीण सिंह ऐरन, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, पूर्व विधायक इस्लाम साबिर, विजयपाल सिंह, सुल्तान बेग, महिपाल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, शिवचरण कश्यप, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, इंजीनियर अनीस अहमद खां,संजीव यादव, पीयूष वर्मा, प्रमोद यादव एडवोकेट, रामप्रकाश यादव लल्ला, दीपक शर्मा, हसीब खां,तनवीरूल इस्लाम समेत बड़ी संख्या में सपाई मौजूद थे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
