मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता की कार पर हुई थी फायरिंग, पुलिस ने पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से तीन संदिग्धों को पकड़ा; लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित संबंधों की जांच जारी
मुंबई/कोटा: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की जानकारी सामने आई है। राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीनों से पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इनमें से दो संदिग्ध रविवार को हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे। पुलिस अब उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से पकड़े गए तीन संदिग्ध
मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों संदिग्धों को पुणे-जयपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12939) से हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि इनमें दो हरियाणा और एक महाराष्ट्र का निवासी है। संदिग्धों की पहचान रेहान, एक अन्य नाबालिग और ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के रूप में बताई गई है। रेहान और दूसरा नाबालिग हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि ऋतिक कुमार उर्फ रोशन मुंबई का निवासी बताया गया है। जानकारी के अनुसार, ऋतिक कुमार रैपिडो चालक है। हालांकि, फायरिंग में उनकी कथित भूमिका और अन्य आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना हुई थी। इस दौरान अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनके चालक और एक ऑटो रिक्शा चालक को चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए 15 टीमें गठित की थीं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गोलीबारी पश्चिमी मुंबई के जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई। घटना के बाद से पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी थी।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से संबंधों की जांच
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में गिरोह की भूमिका को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग की साजिश किसने रची, संदिग्धों की इसमें क्या भूमिका थी और क्या इस घटना का किसी संगठित गिरोह से संबंध है। फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच जारी है।
