मुरादाबाद/लखनऊ : यूपी के मुरादाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। मैनाठेर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 21 वर्षीय युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर उसके शव को दरिंदगी से नोच डाला। युवक ने युवती के प्राइवेट पार्ट समेत शरीर पर 45 बार चाकू से हमला किया। यह क्रूरता देखकर पुलिस भी स्तब्ध रह गई।
बकरियों के लिए चारा लेने निकली, फिर नहीं लौटी
मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती 31 मई की शाम बकरियों के लिए चारा लेने खेत में गई थी। देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई। गांव के ही एक मक्के के खेत में उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस को शव की हालत देखकर हैरानी हुई। उसके शरीर पर कई जगहों पर गहरे घाव थे और खून बुरी तरह से बह चुका था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोला हैवानियत का चेहरा
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की भयावहता को उजागर कर दिया। युवती के प्राइवेट पार्ट सहित पूरे शरीर पर कुल 45 बार चाकू से वार किए गए थे। यह कोई साधारण हत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित और मानसिक विक्षिप्तता से ग्रसित व्यक्ति की की गई क्रूरता थी।
दो साल से कर रहा था पीछा, एकतरफा प्यार में उठा लिया हैवानियत का कदम
जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक गांव का ही रहने वाला है और वह बीते दो वर्षों से युवती का पीछा कर रहा था। युवती के परिवार ने कई बार उसे समझाया भी था, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। एकतरफा प्यार में जब उसे कोई जवाब नहीं मिला तो उसने यह अमानवीय कदम उठा लिया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है।
पिता नहीं रहे, मां और भाई कर रहे थे पालन-पोषण
युवती छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर थी। पिता का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। मां और बड़ा भाई मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का पेट पाल रहे थे। परिवार अब इस घटना के बाद सदमे में है और न्याय की गुहार लगा रहा है।
“ये सिर्फ हत्या नहीं, पागलपन की पराकाष्ठा है, स्थानीय निवासियों की प्रतिक्रिया
गांववालों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर लगता था और उसकी हरकतें पहले से संदिग्ध थीं। अब इस घटना ने गांव में डर और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीण आरोपी को फांसी की सज़ा देने की मांग कर रहे हैं।
![]()
