लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ सालों में भाजपा सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई नया पावर प्लांट नहीं लगाया, जबकि आज जनता को जो बिजली मिल रही है, वह समाजवादी सरकार की योजनाओं और निवेशों का परिणाम है।
बिजली संकट गहराया, ग्रामीण इलाकों में त्राहि-त्राहि
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में न तो बिजली उत्पादन में वृद्धि की गई और न ही ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम को बेहतर किया गया। उन्होंने कहा, “ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं, तार गिर रहे हैं और अघोषित बिजली कटौती आम बात हो गई है। छोटे शहरों और गांवों में जनता बिजली के लिए तरस रही है।” उन्होंने बताया कि बिजली संकट से परेशान लोग अब जगह-जगह उपकेंद्रों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।
निजीकरण की साजिश का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर बिजली विभाग के निजीकरण की साजिश रचने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बजाय विद्युत निगमों को बेचने की तैयारी में लगी है, और इसके पीछे केवल कमीशनखोरी ही उद्देश्य है। “सरकार कर्मचारियों को डराने-धमकाने में लगी है, और विभागों को बेचने के लिए तरह-तरह के तिकड़म अपनाए जा रहे हैं। बिजली विभाग में निजीकरण को जबरन थोपने की कोशिश की जा रही है, जिसका सीधा नुकसान आम जनता को होगा।”
“भाजपा सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार भाजपा सरकार के डीएनए में शामिल हो चुका है। उनका आरोप था कि सरकार का ध्यान जनसेवा पर नहीं, बल्कि केवल “कमीशन और लूट” पर केंद्रित है। “बिजली ही नहीं, भाजपा सरकार ने पूरी व्यवस्था को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है। प्रदेश की जनता बिजली, पानी जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए परेशान है, लेकिन सरकार सिर्फ अपने चहेते पूंजीपतियों की जेबें भरने में लगी है।”
एसपी चीफ ने जनता से की अपील
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने जनता से अपील की कि वे भाजपा सरकार की नाकामियों को समझें और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर सवाल पूछें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों के लिए संघर्ष करती रही है और करती रहेगी।
![]()
