24 से 48 घंटे में किसानों के भुगतान का वादा, सस्ती बिजली पर सरकार को घेरा,पूर्व IAS दिव्या मित्तल को सपा में आने का ऑफर! बोले- हरा-लाल गमछा डाल लें
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, किसानों, बिजली, राज्यसभा चुनाव, गठबंधन और पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर कई अहम बातें कहीं। अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर कहा कि “जो गठबंधन पहले था, वही आगे भी रहेगा।” हालांकि उन्होंने सीटों के बंटवारे और गठबंधन की औपचारिक घोषणा के लिए इंतजार करने की बात कही।
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर अखिलेश ने साफ किया रुख
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि पहले जो गठबंधन था, वही आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले गठबंधन की तैयारियां चल रही हैं और इसकी घोषणा के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। हाल के दिनों में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अलग-अलग चर्चाएं सामने आई हैं। इससे पहले रायबरेली में PDA रथयात्रा के दौरान भी अखिलेश यादव ने गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी बात रखी थी।
किसानों को 24 से 48 घंटे में भुगतान,और सस्ती बिजली का मुद्दा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किसानों को लेकर कहा कि उनकी पार्टी की प्राथमिकता किसानों की पैदावार बढ़ाने और उन्हें सही मूल्य दिलाने की होगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर किसानों को खुशहाल बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर उन्होंने कहा कि भुगतान 24 और 48 घंटे में करने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के घोषणापत्र में किसानों के पक्ष में कई फैसले शामिल किए जाएंगे। बिजली को लेकर अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार 10 साल में बिजली का कारखाना नहीं लगा सकती, वह किसानों को सस्ती बिजली उपलब्ध नहीं करा सकती। उन्होंने किसानों के लिए सस्ती बिजली और सिंचाई से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।
चढ़ावा चोरी से नहीं बनेगी एक ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी!
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने कहा“एक ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी चढ़ावा चोरी से नहीं बनेगी।”उन्होंने समाजवादी पार्टी की आर्थिक सोच को लेकर कहा कि सोशलिज्म में उद्योगों को बढ़ावा देने और कारोबार के विस्तार में योगदान की बात की जाती है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी कारोबार को बढ़ाने की दिशा में काम करेगी।
दिव्या मित्तल को सपा में आने का ऑफर
राजनीति में आने का ऐलान कर चुकीं पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने उन्हें समाजवादी पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया। उन्होंने कहा कि अब दिव्या मित्तल को तय करना पड़ेगा और पार्टी में आने पर “हरा और लाल गमछा” डालने की बात कही। दिव्या मित्तल के राजनीति में आने के ऐलान के बाद से उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चा चल रही है।अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद यह मुद्दा और चर्चा में आ गया।
राज्यसभा चुनाव पर भी बोले अखिलेश
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बनाया है। दोनों प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। धनराज नाथवानी के चयन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी के व्यक्ति को राज्यसभा भेजने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट वर्ल्ड में कई दलों का प्रभाव है और समाजवादी पार्टी ने उद्योग जगत से जुड़ने के लिए उद्योग क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का मानना है कि उद्योगों को बढ़ावा मिलना चाहिए और कारोबार के विस्तार में योगदान होना चाहिए।
राज्यसभा चुनाव में लोकतंत्र और संख्या का मुद्दा
राज्यसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जिसकी संख्या ज्यादा है, उसे मौका मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार अगर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कथित तौर पर बेईमानी नहीं हुई होती तो समाजवादी पार्टी के तीन सांसद राज्यसभा पहुंचते।
पुलिस और सुप्रीम कोर्ट को लेकर बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने पत्रकारों के सवालों का जिक्र करते हुए पुलिस व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “पत्रकार साथी कह रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि पुलिस खत्म कर देनी चाहिए।” इसके साथ उन्होंने सरकार पर पहले दिन से भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
चौधरी चरण सिंह का किया जिक्र
किसानों के सवाल पर अखिलेश यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की लड़ाई सबसे पहले चौधरी चरण सिंह ने लड़ी थी। उन्होंने किसानों की आय, उत्पादन और फसल के सही मूल्य को लेकर अपनी पार्टी की प्राथमिकताओं को सामने रखा।
बीजेपी के बड़े कार्यालय पर भी टिप्पणी
अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी के बड़े कार्यालय को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बीजेपी को अपना बड़ा कार्यालय नहीं बनाना चाहिए था और भारतीय निर्वाचन आयोग में ही एक फ्लोर ले लेना चाहिए था।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
