मुरादाबाद मंडल में एलएचएस निर्माण के लिए गर्डरों की लॉन्चिंग और आरसीसी बॉक्सों की पुशिंग का काम प्रस्तावित, 1 और 8 अक्टूबर को कासगंज-नई दिल्ली एक्सप्रेस तथा 1 अक्टूबर को लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस का समय बदला
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल से रेल यात्रियों के लिए जरूरी सूचना सामने आई है। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में गाजियाबाद -मुरादाबाद दोहरी लाइन खंड पर समपार संख्या 85/सी के स्थान पर लिमिटेड हाइट सब-वे (LHS) के निर्माण कार्य के चलते दो ट्रेनों के प्रस्थान समय में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान गर्डरों की लॉन्चिंग और आरसीसी बॉक्सों की पुशिंग का कार्य प्रस्तावित है। इसके चलते इज्जतनगर मंडल से संबंधित दो ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशनों से निर्धारित समय की तुलना में देरी से रवाना किया जाएगा।
3 घंटे 30 मिनट देरी से चलेगी
कासगंज-नई दिल्ली एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 15303 कासगंज -नई दिल्ली एक्सप्रेस का प्रस्थान समय 1 अक्टूबर 2026 और 8 अक्टूबर 2026 को पुनर्निर्धारित किया गया है। रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन अपने प्रारंभिक स्टेशन कासगंज से निर्धारित समय से 210 मिनट यानी 3 घंटे 30 मिनट बाद रवाना होगी।
लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस भी प्रभावित
इसके अलावा गाड़ी संख्या 15059 लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 1 अक्टूबर 2026 को अपने प्रारंभिक स्टेशन लालकुआं से 180 मिनट यानी 3 घंटे की देरी से पुनर्निर्धारित समय पर रवाना होगी।
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना संशोधित प्रस्थान समय को ध्यान में रखते हुए बनाएं। यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने और यात्रा की योजना बनाने में किसी तरह की परेशानी न हो। रेलवे के अनुसार, ट्रेनों के समय में यह बदलाव निर्माण कार्य के कारण।अस्थायी रूप से किया गया है।
