रावतपुर-कासगंज-मथुरा-बरेली से लेकर लालकुआं और काठगोदाम तक रेलखंडों पर बढ़ाई गई निगरानी, जल निकासी के लिए अतिरिक्त पंपों की व्यवस्था
बरेली: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा और तेज हवाओं के बीच रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंडल के रेल अधिकारी और कर्मचारी पिछले 60 घंटे से अधिक समय से दिन-रात लगातार ड्यूटी कर रहे हैं। मौसम की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए रेल पटरियों, पुलों, ओएचई, सिग्नल और दूरसंचार व्यवस्था के साथ स्टेशनों तथा अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रमुख रेलखंडों पर लगातार निगरानी
इज्जतनगर मंडल के रावतपुर-कासगंज-मथुरा जंक्शन-बरेली-भोजीपुरा-लालकुआं-काठगोदाम रेलखंड पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा कटघर-रामनगर-काशीपुर-लालकुआं और पूरनपुर-भोजीपुरा रेलखंडों पर भी अधिकारी और कर्मचारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों की टीमों को सतर्क रखा गया है।
जल निकासी के लिए अतिरिक्त पंपों की व्यवस्था
भारी बारिश के कारण संभावित जलभराव को देखते हुए रेलवे ने जल निकासी के लिए अतिरिक्त पंपों की व्यवस्था की है। रेल पथ, पुलों और अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मौसम के कारण रेल परिचालन प्रभावित न हो। इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, कैरेज एवं वैगन, वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल और चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं।
नियंत्रण कक्ष से डीआरएम वीणा सिन्हा कर रहीं निगरानी
इज्जतनगर की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा मंडल नियंत्रण कक्ष से ट्रेनों के परिचालन और विभिन्न रेलखंडों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। वह संबंधित अधिकारियों से पल-पल की स्थिति की जानकारी ले रही हैं और जरूरत के अनुसार दिशा-निर्देश जारी कर रही हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
डीआरएम वीणा सिन्हा ने विषम मौसम में लगातार दिन-रात ड्यूटी कर रहे रेलकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। रेल प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, सावधानी और आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा है।
रेलवे ने यात्रियों और आमजन से की अपील
भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और आमजन से अनावश्यक रूप से रेल पटरियों, रेलवे पुलों, ट्रैक के आसपास या अन्य संवेदनशील रेलवे क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि किसी भी असामान्य स्थिति, जलभराव या रेल परिसंपत्ति को हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित रेलवे अधिकारी या कर्मचारी को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
